दुर्गा सशक्त भाव वेलफेयर सोसाइटी ने छात्राओं को बांटे सेनेटरी पैड, सिखाया मंत्रोच्चारण से दिमाग संतुलित करना
स्किल डेवलपमेंट के साथ दी अच्छे स्वास्थ्य की जानकारी, सिखाया मंत्रोच्चारण

उज्जैन। दुर्गा सशक्त भाव वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आदिवासी कन्या छात्रावास में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, कौशल विकास और मानसिक शांति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सोसाइटी की अध्यक्ष दुर्गेश नंदिनी शर्मा के स्वागत भाषण से हुई। इस दौरान उनके द्वारा संस्था के कार्यों और आगामी समय में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. सतिंदर कौर सलूजा ने छात्राओं को अच्छे स्वास्थ्य और हाइजीन के बारे में जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि वे किस तरह अपनी नियमित सेहत और स्वच्छता का ध्यान रख सकती हैं। वहीं, डॉ. भावना जोशी ने छात्राओं को मंत्रोच्चारण के माध्यम से अपने दिमाग को संतुलित करने और भावनाओं को एकाग्र व नियंत्रित करने के विशेष तरीके सिखाए।
इस अवसर पर डॉ. दीपा बजाज ने भी छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने ’स्किल डेवलपमेंट’ (कौशल विकास) विषय पर अपनी बात रखते हुए छात्राओं को बताया कि वे किस तरह अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचान सकती हैं और उस दिशा में आगे बढ़कर अपना भविष्य संवार सकती हैं।
जागरूकता के इस विशेष अवसर पर सोसाइटी द्वारा छात्राओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी छात्राओं को अल्पाहार कराया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शासकीय नवीन प्री-मैट्रिक/सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक पांच (अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित) की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निधि जायसवाल जिला संयोजक, जनजाति कार्य विभाग, शोभा कौशल अधीक्षक, सीनियर कन्या छात्रावास प्रथम, विजया लक्ष्मी पिपलादे अधीक्षक, सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक पांच, ममता सोलंकी, सरिता सोलंकी, कुंवर चावड़ा और निशा साहू विशेष रूप से उपस्थित थे।



