कंपनी सचिव परिणाम: उज्जैन में प्रोफेशनल समूह-2 में 25.34% अभ्यर्थी सफल, जून सत्र के आवेदन कल से
एग्जीक्यूटिव समूह-2 में 22.93% रहा उत्तीर्ण प्रतिशत | 1 जून से शुरू होंगी अगले सत्र की परीक्षाएं

उज्जैन। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) ने बुधवार को दिसंबर-2025 सत्र की कंपनी सचिव (सीएस) प्रोफेशनल और एग्जीक्यूटिव परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। उज्जैन केंद्र के परिणाम मिले-जुले रहे, जहां प्रोफेशनल कार्यक्रम के दूसरे समूह में एक चौथाई से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है।
संस्थान ने नई दिल्ली में परिणाम जारी करने के साथ ही इसे आधिकारिक वेबसाइट www.icsi.edu पर उपलब्ध करा दिया है। एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम के परीक्षार्थी वेबसाइट से ही अपना ‘ई-परिणाम-सह-अंक विवरण’ (ई-रिजल्ट-कम-मार्क्स स्टेटमेंट) डाउनलोड कर सकते हैं। इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष अंकित मेड़तवाल ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी है।
उज्जैन केंद्र से प्रोफेशनल कार्यक्रम के समूह-1 में 0.50 प्रतिशत और समूह-2 में 25.34 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसी प्रकार एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम (2022 पाठ्यक्रम) के समूह-1 में 16.97 प्रतिशत और समूह-2 में 22.93 प्रतिशत परीक्षार्थियों को सफलता मिली है।
संस्थान ने आगामी परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। प्रोफेशनल व एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम का अगला सत्र 1 जून से 7 जून 2026 तक प्रातः कालीन सत्र में आयोजित होगा। इसके लिए परीक्षा शुल्क के साथ ऑनलाइन नामांकन 26 फरवरी 2026 से शुरू होंगे। वहीं, कंपनी सचिव एग्जीक्यूटिव प्रवेश परीक्षा (सीएसईईटी) 1 जून से 4 जून 2026 तक दोपहर के सत्र में होगी, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन 1 मार्च 2026 से प्रारंभ होंगे।



