धर्म-कर्म

दादी मंगल पाठ के साथ खाटू श्याम मंदिर में मनाया फाग महोत्सव, निकलेगी निशान यात्रा

गोपाल मंदिर से शुरू होगी यात्रा, शाम 7 बजे सजेगी भजन संध्या

उज्जैन। रामघाट स्थित पारदेश्वर महादेव सिद्धाश्रम के प्राचीन खाटू श्याम मंदिर में तीन दिवसीय फाग महोत्सव और प्राकट्य दिवस समारोह की धूमधाम से शुरुआत हो गई है। गुरुवार 26 फरवरी को आयोजन के प्रथम दिवस महिलाओं द्वारा दादी मंगल पाठ और रंगारंग फाग उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इससे पूर्व सुबह 10 बजे पंडित राजेंद्र प्रसाद शर्मा द्वारा बाबा श्याम का दूध, दही, पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक किया गया। उन्हें नए वस्त्र पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया और इत्र लगाकर आरती उतारी गई।
आज गोपाल मंदिर से निकलेगी भव्य निशान यात्रा
सरोज अग्रवाल ने बताया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों के कारण निशान यात्रा के स्थान में परिवर्तन किया गया है। शुक्रवार 27 फरवरी को आमलकी एकादशी के पावन पर्व पर सुबह 10 बजे गोपाल मंदिर से भव्य निशान यात्रा प्रारंभ होगी। इसमें सभी श्याम प्रेमी अपने-अपने निशान की पूजा-अर्चना कर शामिल होंगे। यात्रा में खाटू श्याम का सुसज्जित रथ और बैंड-बाजे मुख्य आकर्षण रहेंगे।
निशान यात्रा गोपाल मंदिर से शुरू होकर पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, सवारी मार्ग और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट स्थित मंदिर पहुंचेगी। यहां सभी भक्तजन बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित करेंगे, जिसके बाद महाआरती होगी और प्रसादी वितरित की जाएगी।
शाम 7 बजे से भजनों की गूंज, शनिवार को बंटेगा खीर-चूरमा
शुक्रवार शाम 7 बजे से मंदिर प्रांगण में श्री श्याम की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद भव्य भजन संध्या और रंगारंग फाग महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भजनों पर झूम सकेंगे। वहीं, शनिवार (28 फरवरी) को सुबह 9ः30 बजे बाबा को खीर-चूरमे का भोग लगाकर प्रसादी बांटी जाएगी और ज्योत का आयोजन रहेगा।
आयोजन समिति से जुड़े सरोज अग्रवाल, तरुण मित्तल, सुरेंद्र जोशी, सुनील अग्रवाल, राजेश सारडा, विजय गोयल, संतोष शर्मा, सुधा अग्रवाल, रेखा गोयल सहित समस्त श्री श्याम सेवा समिति (रामघाट मंदिर) के सदस्यों ने सभी श्याम प्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर अभिषेक, निशान यात्रा, भजन संध्या और ज्योत का लाभ लेने की अपील की है।

 

Related Articles

Back to top button