
होली के उल्लास और मस्ती के बीच अक्सर इस बात का ध्यान नहीं रहता कि रंग और पानी कहाँ गिर रहा है। आजकल अधिकांश घरों में लिविंग रूम की सजावट के लिए महंगे कारपेट और मैट का उपयोग होता है, जिन पर अनजाने में रंग गिर ही जाता है। इन भारी-भरकम कारपेट को रोज धोना संभव नहीं है और सीधे पानी से धोने पर इनके रेशे खराब होने का डर भी रहता है। ऐसे में कुछ आसान ‘घर के नुस्खों’ और स्मार्ट टिप्स को अपनाकर आप बिना धोए ही अपने कारपेट को मिनटों में साफ कर सकते हैं।

कारपेट साफ करने के आसान और प्रभावी तरीके:
सबसे पहले हटाएं सूखा रंग: कारपेट पर गिरे सूखे रंग को साफ करने के लिए उसे कभी दबाएं या रगड़ें नहीं, इससे रंग अंदर तक बैठ कर और फैल जाएगा। यदि ज्यादा सूखा रंग गिरा है, तो कारपेट को घर के बाहर ले जाकर अच्छी तरह झाड़ लेना सबसे बेहतर विकल्प है।
गीले रंग को ‘डैब’ करके साफ करें: अगर कारपेट पर गीला रंग गिर गया है, तो उसे भूलकर भी न रगड़ें। रगड़ने से रंग रेशों में जम सकता है। इसके बजाय एक साफ और सूखे कॉटन कपड़े या टिश्यू पेपर की मदद से गीले रंग को ‘डैब’ (हल्के हाथों से थपथपाकर) करके सोखें। ध्यान रखें कि हर बार साफ करते समय कपड़े या टिश्यू का नया हिस्सा इस्तेमाल करें।
जिद्दी दागों के लिए पाउडर का करें इस्तेमाल: कारपेट पर लगे रंग के निशानों पर टेलकम पाउडर डालें और सूखे कपड़े की मदद से हल्का-हल्का रब करें। इस प्रक्रिया को 2 से 3 बार दोहराएं। इससे रंग काफी हल्का हो जाएगा।
क्लीनर या सिरके का प्रयोग: पाउडर से रंग हल्का होने के बाद, बचे हुए निशान को पूरी तरह हटाने के लिए उस हिस्से पर थोड़ा सा डिटर्जेंट, सिरका या मार्केट क्लीनर लगाएं और कपड़े की मदद से रगड़ कर साफ कर लें।
इन आसान ट्रिक्स की मदद से आपको अपना महंगा और भारी मैट पानी से धोने की जरूरत नहीं पड़ेगी और रंग के जिद्दी निशान भी आसानी से साफ हो जाएंगे।



