अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 55 महिलाओं को मिलेगा ’महादेवी वर्मा साहित्य सेवा सम्मान’
15 मार्च को होगा 45वां राष्ट्रीय संचेतना महोत्सव; तीन सत्रों में बंटे आयोजन में राष्ट्रीय संगोष्ठी और बहुभाषी कवि सम्मेलन भी होगा

उज्जैन। राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना उज्जैन और जगदीश साहित्य संस्थान प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 15 मार्च, रविवार को 45वां राष्ट्रीय संचेतना महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रयागराज के जॉर्ज टाउन स्थित कमला नेहरू मार्ग की हिंदुस्तानी एकेडेमी में होने वाले इस आयोजन के तहत 10वां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर ’आधुनिक मीरा’ के नाम से विख्यात श्रेष्ठ कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती के उपलक्ष्य में 55 महिलाओं को ’महादेवी वर्मा साहित्य सेवा सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।
समारोह संयोजक डॉ. प्रभु चौधरी, उज्जैन ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा, उज्जैन मुख्य वक्ता होंगे। आगरा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता जगदीश साहित्य संस्थान के अध्यक्ष मनमोहन सिंह तन्हा करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में कोलकाता की सुनीता मंडल, आकाशवाणी उद्घोषिका सुधा शर्मा, भिलाई के हरिप्रकाश गुप्ता, आगर मालवा के दशरथ मसानिया, अल्पना दीक्षित, राजिन्दर सिंह बेदी, उर्वशी उपाध्याय, शिवा लोहारिया, भोपाल की प्रतिभा मिश्रा और जगदीश कौर शामिल होंगी।
तीन सत्रों में होगा आयोजन
आयोजन को तीन अलग-अलग सत्रों में विभाजित किया गया है। शुभारंभ सत्र में ’राष्ट्र के विकास में नारी शक्ति का योगदान’ विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देशभर से आए कवि-कवयित्रियां अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। वहीं, अंतिम व समापन सत्र में 55 साहित्यकारों को अतिथियों द्वारा ’महादेवी वर्मा साहित्य सेवा सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
इन्हें मिलेगा सम्मान
सम्मानित होने वाले साहित्यकारों और समाजसेवियों में मधुकरराव, प्रेरणा उबाले, मोहिनी गुप्ता, सूरज काले, दिव्या मेहरा, शिवा लोहारिया, दीप्ति गुप्ता, साक्षी जैन, सुगम गवली, अन्नपूर्णा मालवीय, माया मेहता, दक्षा जोशी, संगीता केसवानी, इंदू दुबे, तृप्ति शर्मा, आभा गुप्ता, पल्लवी द्विवेदी, तृप्ति शाह, अरूणा सराफ, श्वेता मिश्रा, सुधा शर्मा और प्रतिभा मिश्रा आदि के नाम शामिल हैं। इन सभी को अतिथियों द्वारा अभिनंदन पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।



