अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट मनस्विता तिवारी बनीं माधव कॉलेज की ब्रांड एंबेसडर
सेरेब्रल पाल्सी को मात देकर जीते कई अंतरराष्ट्रीय पदक, कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य और छात्र सशक्तिकरण को देंगी बढ़ावा

उज्जैन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी मनस्विता तिवारी को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय टास्क फोर्स मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र सुरक्षा प्रकोष्ठ के अंतर्गत की गई है। इसके साथ ही माधव कॉलेज किसी अंतरराष्ट्रीय महिला पैरा खिलाड़ी को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाने वाला मध्य प्रदेश का पहला कॉलेज बन गया है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
जन्म से ही सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित मनस्विता ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कभी अपनी राह का रोड़ा नहीं बनने दिया। उन्होंने पैरा खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। पैरा तैराकी में उन्होंने वर्ष 2013 से 2024 के बीच 17 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। वर्ष 2017 में दुबई में आयोजित एशियन पैरा यूथ गेम्स और वर्ष 2019 में हंगरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कैनो फेडरेशन कैनो स्प्रिंट पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वर्ष 2024 में पैरा ताइक्वांडो में भी एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों के लिए बनेंगी प्रेरणा
माधव कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने मनस्विता की संघर्षपूर्ण और गौरवशाली जीवन यात्रा को विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि मनस्विता के माध्यम से महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक सोच और छात्र सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
कॉलेज के छात्र संघ प्रभारी डॉ. जफर महमूद ने बताया कि मनस्विता का माधव कॉलेज से गहरा पारिवारिक नाता भी है। उनके पिता स्वर्गीय डॉ. मनोज तिवारी इसी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में लोकप्रिय प्रोफेसर रहे थे।


