महाकालेश्वर मंदिर नियमित दर्शनार्थी संगठन ने मनाया फाग महोत्सव
रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर सुदामा नगर में गूंजे सुंदरकांड के स्वर, फूलों व गुलाल से खेली होली

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर नियमित दर्शनार्थी संगठन द्वारा रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर सुदामा नगर स्थित बनखंडी हनुमान मंदिर परिसर में सुंदरकांड एवं फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक इस आयोजन में भाग लिया और एक-दूसरे के साथ फूलों व गुलाल की होली खेली। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि नियमित दर्शनार्थियों की कोई भी समस्या आएगी तो वे हमेशा उसके समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए कहा, “आप सब महाकाल के भक्त हैं, मैं आपको प्रणाम करता हूं।”
संगठन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता लाला एवं सह-संयोजक अजीत मंगलम ने बताया कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में विश्वभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। शहर में ऐसे कई श्रद्धालु हैं, जो वर्षों से प्रतिदिन नियमित रूप से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जाते हैं। इन्हीं नियमित दर्शनार्थियों को मिलाकर इस संगठन का निर्माण किया गया है, जिसमें लगभग 700 से अधिक महिला एवं पुरुष सदस्य शामिल हैं।
संगठन द्वारा प्रतिवर्ष कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी के अंतर्गत पिछले 7 वर्षों से रंग पंचमी के पूर्व फाग महोत्सव एवं होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बनखंडी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड व फाग महोत्सव संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संगठन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता लाला, सह-संयोजक अजीत मंगलम, सचिव रूप सिंह बुंदेला, महिला प्रमुख शारदा बिसेन, गोपाल वागरवाल, नरेंद्र डोडिया, अनिल पांचाल, संतोष सोलंकी, आशीष चावड़ा, केशव गोसर, मनोज वाघले, रितेश वर्मा, दीपक यादव, अंबर जैन और आदित्य शर्मा सहित बड़ी संख्या में नियमित दर्शनार्थी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।



