धर्म-कर्म

उज्जैन में पीताम्बरा बगलामुखी धाम का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 19 से, सिंहस्थ 2028 की निर्विघ्नता के लिए 3 साल तक चलेगा अनुष्ठान

बड़नगर रोड स्थित आश्रम में 26 को होगी मूर्ति व शिखर स्थापना, संतों के सान्निध्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार पर होगा विशेष कार्य

उज्जैन। बड़नगर रोड पर दंडी सेवा आश्रम के सामने नवर्निमित माँ पीताम्बरा बगलामुखी धाम आश्रम में भव्य मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं शतचंडी बगलामुखी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 19 मार्च से 27 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम परम भगवती साधक तपोनिधि संत परम पूज्य गुरुदेव स्वामी विजयानंदपुरी जी महाराज एवं गजानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य और संत समाज की उपस्थिति में संपन्न होगा।
सिंहस्थ कुंभ और प्रदेश की सुरक्षा के लिए विशेष साधना
आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वामी विजयानंदपुरी जी महाराज ने बताया कि आगामी 2028 उज्जैन कुंभ (सिंहस्थ) और मध्य प्रदेश में किसी भी प्रकार की आपदा न आए, इसकी सुरक्षा के लिए आश्रम में एक विशेष और निरंतर अनुष्ठान शुरू किया जा रहा है। यहाँ सवा करोड़ बगलामुखी मंत्र, सवा करोड़ चंडी पाठ और रामचरितमानस का तीन वर्ष तक निरंतर पाठ चलेगा। इसके साथ ही यहाँ प्रतिदिन रात्रि 12 बजे से 3 बजे तक विशेष साधना और पूजा की जाएगी। महाराज ने यह भी बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य गांवों को गोद लेकर वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार के क्षेत्र में कार्य करना है।
18 को शोभा यात्रा, 26 को होगी मुख्य प्राण प्रतिष्ठा
कार्यक्रम विवरण के अनुसार 18 मार्च बुधवार को सुबह 7 बजे राम घाट क्षिप्रा मैया से पीताम्बरा बगलामुखी धाम आश्रम तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें दशविधि स्नान और पंचांग पूजन होगा। 19 मार्च गुरुवार को मंडप प्रवेश, देवस्थापन, अग्निस्थापन और हवन कार्य आरंभ होगा। 22 मार्च रविवार से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्य, अधिवास एवं हवन शुरू होगा तथा 25 मार्च बुधवार को मूर्तियों का विशेष पूजन किया जाएगा। मुख्य आयोजन 26 मार्च गुरुवार को सुबह 10:15 बजे होगा, जिसमें मूर्तियों की न्यास विधि, हवन, प्राण प्रतिष्ठा, शिखर स्थापना, कलश स्थापना एवं ध्वजा स्थापना की जाएगी।
27 मार्च को होगी पूर्णाहूति और विशाल भंडारा
नौ दिवसीय इस महायज्ञ का समापन 27 मार्च शुक्रवार को होगा। दोपहर 12:15 बजे महायज्ञ की पूर्णाहूति होगी और दोपहर 01 बजे से विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर राजगुरु आचार्य महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी तथा पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष स्वामी रविन्द्रपुरी जी महाराज का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा। भक्तों की सुविधा और जानकारी के लिए संपर्क नंबर 7984326436 और 9016807833 जारी किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button