धर्म-कर्म

आर्य समाज मंदिर में कल मनेगा स्थापना दिवस और नवसंवत्सर, संगीतविद् पंडित ओमदत्त आर्य का होगा सम्मान

बहादुरगंज स्थित मंदिर में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण और वैदिक महायज्ञ का होगा आयोजन, विद्वानों के सान्निध्य में मनेगा भारतीय नववर्ष

उज्जैन। चैत्र प्रतिपदा, नवसंवत्सर, 1,96,08,53,127वें सृष्टि संवत, आर्य समाज स्थापना दिवस और गुड़ी पड़वा के अवसर पर 19 मार्च गुरुवार को नई सड़क बहादुरगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में नूतन वर्ष का अभिनंदन किया जाएगा। इस अवसर पर वैदिक परंपरा के अनुसार विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रभात फेरी और महायज्ञ से होगी शुरुआत

आर्य समाज उज्जैन के पदाधिकारियों के अनुसार, भारतीय संस्कृति के अनुरूप नववर्ष के स्वागत के लिए प्रातः 7:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 8:30 बजे ओ३म् ध्वजारोहण किया जाएगा। प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक विश्व कल्याण महायज्ञ संपन्न होगा। यज्ञ में यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं से एक दिन पूर्व फोन पर सूचित करने का अनुरोध किया गया है।

व्याख्यान और ऋषि लंगर प्रसादी

प्रातः 10 बजे से 11:30 बजे तक भजन, प्रवचन और नवसंवत्सर सृष्टि उत्पत्ति दिवस पर वैदिक विद्वानों के व्याख्यान होंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य एवं संगीतविद् पंडित ओमदत्त आर्य का आर्य समाज और संगीत जगत में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रमों के समापन पर प्रातः 11:30 बजे ऋषि लंगर प्रसादी का वितरण होगा।

इन अतिथियों का मिलेगा सान्निध्य

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय संस्कृत महाविद्यालय के आचार्य प्रो. सदानंद त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि के रूप में मुनि शरणानंद जी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य जीवन प्रकाश आर्य करेंगे। वहीं, आयोजन को आचार्य धर्मदेव शास्त्री और पंडित राजेन्द्र व्यास का पावन सानिध्य प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button