कालिदास अकादमी के कमल सरोवर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
हिंदू नववर्ष पर विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं ने किया सामूहिक अर्घ्य दान, आरोग्य के लिए बांटा नीम का रस व मिश्री

सूर्यदेव! कृपा कर अर्घजल स्वीकार कर हमें पावन और प्रखर बनाएं
उज्जैन। भारतीय परंपरा और ‘अपनी संस्कृति अपना त्यौहार’ की भावना का निर्वहन करते हुए कोठी रोड स्थित कालिदास अकादमी के कमल सरोवर पर हिंदू नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर सामूहिक सूर्य अर्घ्य दान का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को भक्तिपूर्वक अर्घ्य समर्पित कर समाज को पावन और प्रखर बनाने की प्रार्थना की।
इस समारोह में गायत्री परिवार, संस्कार भारती, विक्रम विश्वविद्यालय योग केंद्र, इनिशिएटिव सोसायटी, मारवाड़ी महिला मंडल और उज्जैन गहोई वैश्य समाज के पदाधिकारियों सहित लगभग दो सौ लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया गया। साथ ही, श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य और आरोग्य प्राप्ति के लिए पारंपरिक रूप से नीम के रस और मिश्री का वितरण भी किया गया।



