जैन समाज का अनोखा कपल क्रिकेट टूर्नामेंट: महिलाओं ने जड़े चौके-छक्के, झटके पुरुषों के विकेट
वर्धमान सुपर किंग्स बनी चैंपियन, 200 से अधिक दंपतियों ने दिखाया खेल कौशल

उज्जैन। जैन समाज के युवाओं को खेल से जोड़ने और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्धमान ग्रुप द्वारा आयोजित ‘वर्धमान कपल क्रिकेट टूर्नामेंट’ का रविवार, 22 मार्च को सूर्या टर्फ पर शानदार समापन हुआ। पिछले एक माह से चल रहे इस अनूठे आयोजन में 200 से अधिक दंपतियों ने उत्साहपूर्वक क्रिकेट के मैदान पर अपना दम-खम दिखाया।
मंगलाचरण से शुरुआत, महिलाओं का रहा दबदबा
टूर्नामेंट में 6-6 ओवर के कुल 26 मैच खेले गए। नियमों के तहत 3 ओवर महिला और 3 ओवर पुरुष खिलाड़ियों ने फेंके, जबकि बैटिंग के दौरान क्रीज पर महिला-पुरुष की जोड़ी साथ खेली। मैचों की शुरुआत मंगलाचरण पाठ से की गई।
ग्रुप के अध्यक्ष हितेष-तनु बड़जात्या और सचिव राजेश-नमिता लुहाड़िया ने बताया कि पुरुष खिलाड़ियों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। महिला खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के जड़े और अर्धशतक बनाए। गेंदबाजी में भी महिलाओं ने कमाल दिखाते हुए तीन गेंदों पर तीन पुरुषों को आउट कर हैट्रिक ली। हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ी को ‘प्लेयर ऑफ द वुमन’ के खिताब से नवाजा गया।
वर्धमान सुपर किंग्स ने जीता खिताब
ग्रुप के कोषाध्यक्ष आदिश-खुशी विनायका ने बताया कि फाइनल मुकाबले में ‘वर्धमान सुपर किंग्स’ ने खिताबी जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, ‘जैनम किंग्स’ और ‘राइज एंड शाइन स्कॉट्स’ की टीमें उपविजेता रहीं। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का विशेष पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसके अलावा बच्चों के लिए भी विशेष मैच आयोजित किए गए, जिसमें ‘वर्धमान के अतिवीर’ और ‘वर्धमान के महावीर’ के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। खेल में अंपायर मनीष चौधरी एवं सुरेन्द्र सिंघई थे। ग्रुप के चेयरमैन पंकज-रेणु जैन ने बताया कि इस सफल आयोजन में सात को-ऑर्डिनेटरों— दिवेश-रश्मि सेठी, अविचल-प्रीति कासलीवाल, आशीष-टीना जैन, संदीप-नेहा जैन, रोहित-दीपांशी जैन, राजकुमार-रचना जैन और सर्वेश-साक्षी जैन के साथ-साथ विवेक-वंदना जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट के सह-प्रायोजक स्नेहलता-श्रवण कुमार सोगानी, संजय-रेखा पांड्या और नमन-ऋषिका बिलाला रहे।
संजय सूर्या का हुआ सम्मान
समापन समारोह के अवसर पर सूर्या टर्फ के संचालक संजय सूर्या को सकल जैन समाज उज्जैन का अध्यक्ष बनने पर सम्मानित किया गया। वर्धमान ग्रुप द्वारा उन्हें शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।



