नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप: उज्जैन की मोनिका खलोटिया ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
गोवा में आयोजित 48वीं मास्टर वेटरन प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन

महिला एकल के 35 प्लस आयु वर्ग में सफलता हासिल कर शहर का बढ़ाया मान
उज्जैन। गोवा में आयोजित 48वीं मास्टर वेटरन नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में उज्जैन की मोनिका खलोटिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। विक्रमादित्य बैडमिंटन क्लब की प्रतिभावान खिलाड़ी मोनिका ने यह पदक महिला एकल के 35 प्लस आयु वर्ग में हासिल कर न सिर्फ क्लब का, बल्कि पूरे उज्जैन शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
निरंतर अभ्यास का मिला परिणाम
खिलाड़ी के प्रदर्शन को लेकर कोच योगेश बंदेवार ने बताया कि मोनिका नियमित रूप से महानंदा स्थित विक्रमादित्य बैडमिंटन क्लब में कड़ा अभ्यास करती हैं। उनकी इसी लगन और निरंतर प्रैक्टिस का परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह अहम सफलता प्राप्त की है।
विधायक और खेल संघ ने दी बधाई
मोनिका की इस गौरवमयी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और शहरवासियों में उत्साह है। विक्रमादित्य बैडमिंटन क्लब के संरक्षक व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव यादव, क्लब अध्यक्ष दिनेश जाटवा, सचिव जितेन्द्र मुकाती, राजेश योहान और सुधीर यादव सहित क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



