महावीर जन्म कल्याणक की रथयात्रा में गूंजे जयकारे, पारंपरिक वेशभूषा में बच्चों ने मोहा मन
नवकार सेवा संस्थान किड्स विंग के 150 बच्चे हुए शामिल

उज्जैन। महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर निकाली गई रथयात्रा में नवकार सेवा संस्थान किड्स विंग के बालक-बालिकाओं ने अति उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में भगवान महावीर के जयकारे लगा रहे थे।
हाथों में जैन धर्म का ध्वज लिए और धार्मिक वेशभूषा से सुसज्जित इन बच्चों ने मार्ग में सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। शहर के प्रबुद्धजनों ने भी बच्चों के इस उत्साह की जमकर सराहना की। विशेष रूप से समाजसेवी नारायण यादव, पूर्व मंत्री पारस जैन, विधायक अनिल कालुहेड़ा और नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बच्चों की प्रशंसा की।
संस्थापक अध्यक्ष श्वेता भंडारी ने बताया कि इस आयोजन में 150 बच्चे शामिल हुए, जिन्हें प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए। रथयात्रा में व्यवस्थापक के रूप में श्वेता चोपड़ा, सरिता रत्नबोहरा, अंजू मनोज सुराणा, सीमा दुग्गड़, हेमा दलाल, सारिका मारू और प्रमीला कंकरेचा विशेष रूप से उपस्थित थीं।



