आस्था और ऊर्जा का संगम: कुल्लू में निरंकारी यूथ फोरम के खेलों का भव्य शुभारंभ
सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने किया प्रेरित, टेंट नगरी में उमड़े उज्जैन सहित कई राज्यों के श्रद्धालु

उज्जैन। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित ढालपुर मैदान में निरंकारी यूथ फोरम के युवा खेलों का भव्य शुभारंभ परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में हुआ। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सतगुरु माता जी द्वारा ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्वलन के साथ हुई। पूरे वातावरण में युवाओं का जोश और समर्पण प्रभावशाली रहा। अपने आशीर्वचनों में सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने कहा कि खेल युवा शक्ति को सेवा और एकत्व की ओर प्रेरित करते हैं। ये खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अपने शरीर को निरंकार की सेवा में समर्पित करने का एक पावन अवसर हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को आध्यात्मिकता, अनुशासन और एकत्व के मूल्यों से जोड़ता है, जहां विविधता में एकता का जीवंत संगम देखने को मिलता है।
टेंट नगरी में दिखी स्वच्छता और अनुशासन की मिसाल
कार्यक्रम में शामिल हुए उज्जैन के मीडिया सहायक विनोद गज्जर ने बताया कि इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिकता के पर्व के लिए समागम स्थल को एक सुव्यवस्थित टेंट नगरी के रूप में विकसित किया गया है। यहां व्यवस्थाओं में पूरी तरह से स्वच्छता, अनुशासन और समर्पण का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।



