खण्डेलवाल महिला मंडल ने निकाला गणगौर का भव्य फूल पाती चल समारोह, ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ थीम पर सजी शाम
युवतियों ने धारण किया दूल्हा-दुल्हन का बाना; पंचायत भवन में हुआ माता का विधि-विधान से पूजन

खण्डेलवाल महिला मंडल द्वारा अध्यक्ष संध्या बेवाल के नेतृत्व में गणगौर पर्व के उपलक्ष्य में भव्य फूल पाती चल समारोह निकाला गया। भगवान शिव यानी ‘गण’ और माता पार्वती यानी ‘गौरी’ के विवाह प्रसंग से जुड़े इस पारंपरिक पर्व में युवतियों को दूल्हा-दुल्हन के बाने में आकर्षक ढंग से सजाया गया। मार्ग में समाज की संस्था ‘खण्डेलवाल एक्टिविस्ट’ व ‘खण्डेलवाल सोशल ग्रुप’ द्वारा इस फूल पाती चल समारोह का आत्मीय स्वागत किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन व पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
चल समारोह के खण्डेलवाल वैश्य पंचायत भवन पहुंचने पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। खण्डेलवाल वैश्य पंचायत के पदाधिकारियों, महिला मंडल की अध्यक्ष संध्या बेवाल और सचिव मधु सोखिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात भवन में उपस्थित समाज की सभी महिलाओं ने पूर्ण विधि-विधान से गणगौर माता का पूजन किया और परंपरानुसार झाले दिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस अवसर पर ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ थीम पर आधारित रंगारंग आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने एकल व युगल प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का अनूठे अंदाज में सफल संचालन पूजा मयंक खण्डेलवाल ने किया, जिससे आयोजन में समां बंध गया। इस गरिमामय आयोजन में मंडल की रेखा झालानी, ऊषा रावत, अनीता गुप्ता, सरोज जंघीनिया, बिंदु खण्डेलवाल, उर्मिला सामरिया और ज्योति सोखिया सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।



