वर्धमान कपल क्रिकेट टूर्नामेंट में जैन समाज के दंपतियों ने लगाए चौके-छक्के
सूर्या टर्फ पर 120 जोड़ों ने लिया भाग; शनिवार 21 मार्च को क्वार्टर फाइनल और रविवार को होगा खिताबी मुकाबला

उज्जैन। जैन समाज के युवाओं को खेल से जोड़ने और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्धमान ग्रुप द्वारा ‘वर्धमान कपल क्रिकेट टूर्नामेंट’ का आयोजन किया जा रहा है। सूर्या टर्फ पर 15 मार्च को इस अनूठे टूर्नामेंट के प्रथम सत्र का शानदार आगाज हुआ, जिसमें लगभग 120 दंपति साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पूरे टूर्नामेंट में 200 से अधिक दंपति हिस्सा ले रहे हैं।
मंगलाचरण से हुई शुरुआत, एक साथ खेले महिला-पुरुष
वर्धमान ग्रुप के सचिव राजेश-नमिता लुहाड़िया ने बताया कि मैचों की शुरुआत सभी टीमों द्वारा मंगलाचरण पाठ के साथ की गई। टूर्नामेंट में 6-6 ओवर के कुल 10 मैच खेले गए। इनमें 3 ओवर महिला वर्ग और 3 ओवर पुरुष वर्ग के लिए निर्धारित थे। मैदान पर हर टीम की ओर से बल्लेबाजी के दौरान एक महिला और एक पुरुष खिलाड़ी की जोड़ी साथ खेलती नजर आई।
महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से जीता दर्शकों का दिल
ग्रुप के अध्यक्ष हितेष-तनु बड़जात्या ने बताया कि सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और पूरे जोश के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस आयोजन की सबसे खास बात महिलाओं का शानदार खेल रहा। जैन समाज की महिलाओं ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के जड़े, अर्धशतक बनाए और गेंदबाजी में विकेट भी चटकाए। हर मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द वूमेन पुरस्कार से नवाजा गया।
रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
कोषाध्यक्ष आदिश-खुशी विनायका ने आगामी मैचों की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार 21 मार्च को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद रविवार को सेमीफाइनल तथा फाइनल मैच होंगे। खिताबी भिड़ंत के बाद विजेता व उपविजेता टीमों के साथ ही प्लेयर ऑफ द सीरीज को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आयोजन में इनकी रही सराहनीय भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन पंकज-रेणु जैन के मार्गदर्शन में सात कोऑर्डिनेटर दिवेश-रश्मि सेठी, अविचल-प्रीति कासलीवाल, आशीष-टीना जैन, संदीप-नेहा जैन, रोहित-दीपांशी जैन, राजकुमार-रचना जैन और सर्वेश-साक्षी जैन के साथ विवेक-वंदना जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाएं संभालीं। टूर्नामेंट के सह-प्रायोजक स्नेहलता-श्रवण कुमार सोगानी, संजय-रेखा पांड्या और नमन-ऋषिका बिलाला रहे। समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।



