समाज संसार

दसनाम गोस्वामी मंडल का होली मिलन समारोह संपन्न, 150 किलो फूलों से खेली गई होली

भजन संध्या में झूमे समाजजन; आदि शंकराचार्य व भगवान दत्तात्रेय का हुआ पूजन

उज्जैन: श्री दसनाम गोस्वामी मंडल, उज्जैन का वार्षिक पारिवारिक होली मिलन समारोह खाकचौक स्थित सांदीपनि रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजजनों ने 150 किलो फूलों के साथ होली खेली और पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मनाया।
मातृशक्ति ने गाए लोकगीत, अतिथियों ने किया पूजन
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा फूल पाती निकालकर और पारंपरिक लोकगीत गायन के साथ किया गया। तत्पश्चात, उपस्थित अतिथियों ने आदि शंकराचार्य एवं भगवान दत्तात्रेय के चित्र का विधिवत पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष विजय गिरि जी ने उपस्थित जनों को संबोधित किया।
भजनों पर हुई फूलों की बारिश
आयोजन में समाज के सुप्रसिद्ध भजन गायक नितेश गोस्वामी द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों की धुन पर समाजजनों ने 150 किलो फूलों के साथ जमकर होली खेली। इस गरिमामय समारोह में दसनाम गोस्वामी समाज के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत अक्षय भारती जी मंगलनाथ भी उपस्थित रहे।
भोज व फलाहार की रही व्यवस्था
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम के पश्चात स्वादिष्ट भोजन तथा उपवास रखने वालों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के अंत में महंत कैलाशपुरी जी ने आभार माना। उक्त आयोजन की जानकारी युवा अध्यक्ष महेश गिरि द्वारा प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button