लोकल गपशप

गरीब निसहाय, निरुपाय एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित

शुभ संदेश सामाजिक कल्याण समिति एवं जीजिविषा के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में किया आयोजन

उज्जैन। हीरा परखने वाले से पीड़ा परखने वाला ज्यादा महत्वपूर्ण होता है.. शिक्षा सफलता का ब्रह्मास्त्र है..। मोती कभी किनारे पर नहीं आते, उन्हें पाने के लिए समुद्र में उतरना ही होता है।
उक्त प्रभावी उद्बोधन शुभ संदेश सामाजिक कल्याण समिति एवं जीजिविषा के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के गरीब निसहाय, निरुपाय एवं दिव्यांग विद्यार्थियों के स्वेटर वितरण समारोह में अध्यक्ष की आसंदी से सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ सतिंदर कौर सलूजा ने व्यक्त किये। मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय ने कहा कि भविष्य को सुनहरा बनाने के लिए आपको अपनी विरासत से जुड़ना होगा। यही विद्यार्थियों की सफलता का आधार बनेगा। विशेष अतिथि माधव सेवा न्यास के न्यासी रितेश सोनी ने कहा कि शिल्प की छैनी से सपनों को साकार करने की ताकत शिक्षक और गुरु में होती है इसलिए गुरु और शिक्षक का सम्मान कर जीवन में प्रगति के शिखर पर परचम लहराऐ। विशिष्ट अतिथि डॉ. सपना बुंदिवाल ने कहा की गीत उसी के गाऐ जाएंगे जो हर चोट पर मुस्कुराते जाएंगे। स्वेटर वितरण समारोह की संयोजक शुभ संदेश सामाजिक कल्याण समिति की प्रीति गोयल ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को 100 से भी अधिक स्वेटर वितरण किए गए। सूत्रधार प्रधानाध्यापक शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके थे। सरस्वती वंदना प्रियंका सोलंकी एवं मनीष गुप्ता ने प्रस्तुत की। स्वागत उद्बोधन संजय अस्थाना ने प्रदान किया। इस अवसर पर समिति की सदस्याएं मंगला पंड्या, संध्या गुप्ता, संतोष अविनाश गुप्ता, वीणा के के मित्तल का स्वागत भारती गोमे, सोहन उदानियां, सीमा सिसोदिया ने किया। आभार प्रदर्शन लता शिंदे द्वारा किया गया।

 

Related Articles

Back to top button