लोकल गपशप
आलोक इंटरनेशनल स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुती ने मोहा मन

उज्जैन। आलोक इंटरनेशनल स्कूल (महाकाल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट) में 77वाँ गणतंत्र दिवस देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एस.एस. पंड्या वरिष्ठ वैज्ञानिक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के चेयरमेन आलोक वशिष्ठ ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ “भारत माता की जय” के जयघोष से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बालिकाओं ने महिला सशक्तिकरण एवं वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं ‘हम हैं राही वीर सिपाही’ और ‘संदेशे आते हैं’ जैसे देशभक्ति गीतों को वाद्य यंत्रों की लय-ताल के साथ प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत किया।
इस अवसर पर नमन शर्मा एवं मोहम्मद अली ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि डॉ. पंड्या ने “जय महाकाल” के उद्घोष के साथ विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया कि वे अपनी ऊर्जा का सदुपयोग कर परिवार, विद्यालय एवं राष्ट्र का नाम रोशन करें, विद्यालय से प्राप्त संस्कारों का पालन करें तथा देश को प्रगति के पथ पर ले जाने में अपना योगदान दें।
चेयरमेन आलोक वशिष्ठ ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज ही के दिन भारत का संविधान बना था। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूर्ण निष्ठा से पालन करते हुए भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैंप में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों, सत्र 2024-25 में कक्षा दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों तथा ‘टग ऑफ वॉर’ प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर चयनित बालिका टीम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रियंका खांकरे एवं खुशबू राजवत ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षिका वंशिता दुबे द्वारा किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान्न वितरण किया गया। उक्त जानकारी विद्यालय की एडमिनिस्ट्रेटर नेहा झा द्वारा दी गई।



