समाज संसार

मजबूत सदस्यता ही मजबूत सेवा की नींव है- दिनेश राठौर

द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मेंबर ग्रोथ और लीडरशिप पर चर्चा

दो नए क्लबों का गठन, अनिल गोयल के एमजेएफ बनने पर दी बधाई, क्लबों ने प्रस्तुत किए सेवा कार्यों के प्रतिवेदन
उज्जैन। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-2 के रीजन 2, जोन 2 की द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एडवाइजरी कमेटी की बैठक नानाखेड़ा स्थित होटल विक्रमादित्य में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जोन चेयरपर्सन लायन दिनेश राठौर ने सेवा कार्यों के विस्तार के लिए सदस्यता वृद्धि पर जोर दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘मजबूत सदस्यता ही मजबूत सेवा की नींव है।’
बैठक में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित पीडीजी पीएमजेएफ आर्किटेक्ट लायन बलबीर सिंह सहनी और जीएमटी (ग्लोबल मेंबरशिप टीम) सदस्य एमजेएफ लायन गिरीश जयसवाल ने संगठन की मजबूती पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जीएमटी केवल एक विभाग नहीं, बल्कि क्लब की शक्ति, पहचान और भविष्य का आधार है। लायन बलबीर सिंह सहनी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य नए सदस्यों को जोड़ना, मौजूदा सदस्यों को सक्रिय रखना और क्लब में नेतृत्व व टीम भावना को बढ़ावा देना है।
बैठक में लायन पंकज पंचाल और रीजन-2 सेक्रेटरी लायन देबाशीष राय विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान विभिन्न क्लबों के पदाधिकारियों ने अपने कार्यों का ब्यौरा दिया। लायंस क्लब उज्जैन अवंतिका से लायन राज कुमार जैन, लायंस क्लब उज्जैन महाकाल से राजेन्द्र गिल, लायंस क्लब उज्जैन राइज से लायन तरुण मलिक तथा लायंस क्लब उज्जैन सम्राट से लायन निलेश पोरवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने क्लब का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
बैठक में बताया गया कि जोन में दो नए क्लब प्रारंभ किए गए हैं, जो संगठन के विस्तार को दर्शाता है। साथ ही, लायन अनिल गोयल के मेल्विन जोन्स फेलो (एमजेएफ) बनने पर सदन ने उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में आभार लायंस क्लब उज्जैन अवंतिका के लायन रवि श्रीमाली ने व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button