उज्जैन के राजेश जाट बने भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश प्रभारी
बड़नगर के गुणावद निवासी राजेश को उनके कार्य और समर्पण के आधार पर मिली प्रांतीय जिम्मेदारी

राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने जारी किया नियुक्ति पत्र, राष्ट्रीय सरपंच संघ ने दी बधाई
उज्जैन। जिले के बड़नगर तहसील अंतर्गत ग्राम गुणावद निवासी राजेश जाट पुत्र भेरूलाल जाट को भारतीय किसान यूनियन का युवा प्रदेश प्रभारी (मध्य प्रदेश) नियुक्त किया गया है। संगठन के सिसौली स्थित केंद्रीय कार्यालय किसान भवन से शुक्रवार, 27 फरवरी को उनका मनोनयन पत्र जारी किया गया। राजेश जाट को मध्य प्रदेश का युवा प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर राष्ट्रीय सरपंच संघ के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा हर्ष व्यक्त किया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन एवं प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि राजेश जाट के कार्य और मेहनत को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने नव-नियुक्त युवा प्रदेश प्रभारी से अपेक्षा की है कि वे संगठन और चौधरी टिकैत की नीतियों व कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे और मध्य प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन को मजबूती प्रदान करने का कार्य करेंगे।



