कंट्रोवर्शियल

मनमाने चौड़ीकरण के विरोध स्वरूप महाकाल चौराहे से लेकर गोपाल मंदिर तक बाजार सोमवार को बंद रहेगा

अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी मांग रखेगा व्यापारी महासंघ

20 मीटर रोड किया तो पूरा बाजार हो जाएगा खत्म

उज्जैन। गोपाल मंदिर से महाकाल मार्ग व्यापारी एवं रहवासी महासंघ के आह्वान पर गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, बर्तन बाज़ार, गुदरी बाजार एवं महाकाल चौराहा के व्यापारी अपना व्यापार-व्यवसाय बंद रखकर प्रशासन द्वारा प्रस्तावित मनमाने चौड़ीकरण का विरोध करेंगे। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों को बताएंगे कि सिर्फ तोड़फोड़ करने के अलावा अन्य विकल्पों से भी व्यवस्था बनाई जा सकती है।

व्यापारी एवं रहवासी महासंघ द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि विगत दिनों समाचार पत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब गोपाल मंदिर से महाकाल मार्ग को 20 मीटर (यानि लगभग 65 फीट) चौड़ा बनाने की योजना एमआईसी (MIC) ने पास की है। जिसके मुताबिक पटनी बाजार, बर्तन बाज़ार, गुदरी बाजार एवं महाकाल चौराहा तक दोनों ओर 12-12 फीट तक के भवनों एवं दुकानों को तोड़ा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र उज्जैन शहर का प्राचीनतम एवं व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र है। इस क्षेत्र में स्थित लगभग 70 प्रतिशत प्रतिष्ठानों का क्षेत्रफल बहुत ही कम है। यदि इन्हें अब और 12 फीट तोड़ दिया जाता है, तो कई पुराने व्यापारिक प्रतिष्ठान खत्म हो जाएंगे।

व्यापारी महासंघ द्वारा माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी निवेदन किया गया है कि इस हेरिटेज क्षेत्र का पुनः निरीक्षण करवाकर उचित निर्णय लिया जाए। पीढ़ियों से निवासरत स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय को सिर्फ ट्रैफिक कंट्रोल के लिए विस्थापित किया जाना कतई उचित नहीं है।

गोपाल मंदिर से लेकर महाकाल चौराहा तक के मार्ग की वर्तमान चौड़ाई लगभग 40 से 45 फीट है। आम दिनों में रोजाना लगभग 30 स्कूल बसें इस मार्ग पर परस्पर क्रॉस होती हैं। जबकि ठेले वाले, सड़क पर बैठकर व्यापार करने वाले तथा बहुतायत में चल रहे ई-रिक्शा के कारण यह मार्ग अवरुद्ध हो जाता है।

यहाँ जिम्मेदारों को चाहिए कि तोड़फोड़ के बजाय इस मार्ग पर फैले अतिक्रमण को हटाने, इसे एकांगी (वन-वे) मार्ग घोषित करने और विद्युत लाइनें अंडरग्राउंड करने सहित कई अन्य विकल्पों पर विचार कर उन्हें अमल में लाया जाए। यदि ऐसा होता है, तो इस मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता ही नहीं रहेगी।

Related Articles

Back to top button