निगम सम्मेलन के लिए कांग्रेस ने बनाई रणनीति: आठ बिंदुओं पर भाजपा बोर्ड को घेरेंगे पार्षद
नेता प्रतिपक्ष रवि राय के नेतृत्व में हुई बैठक, महाकाल कॉरिडोर ब्रिज का नाम सम्राट विक्रमादित्य करने और विज्ञापन शुल्क के विरोध का निर्णय

उज्जैन। आगामी 9 मार्च को आयोजित होने वाले नगर निगम सम्मेलन को लेकर प्रतिपक्ष कार्यालय छत्रपति शिवाजी भवन में कांग्रेस पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। नेता प्रतिपक्ष रवि राय की अगुवाई में हुई इस बैठक में निगम सम्मेलन को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। बैठक में तय किया गया कि नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद आठ प्रमुख बिंदुओं पर सत्तासीन भाजपा बोर्ड को घेरेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
रणनीति के तहत कांग्रेस पार्षदों ने महाकाल कॉरिडोर में बने सेतु का प्रस्तावित नाम ‘अशोक’ की जगह ‘सम्राट विक्रमादित्य’ के नाम पर रखने की मांग करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, शहर में मार्गों के चौड़ीकरण की तय चौड़ाई को कम करने और प्रभावितों को उचित मुआवजे की मांग भी सम्मेलन में रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त नगर निगम में लगाए जाने वाले नए विज्ञापन शुल्क का कांग्रेस द्वारा कड़ा विरोध किया जाएगा और नगर के अन्य वार्डों में भी मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत भवन निर्माण के लिए राशि की मांग की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में माया राजेश त्रिवेदी, सपना सांखला, राजेन्द्र गब्बर कुवाल, छोटेलाल मंडलोई, अर्पित दुबे, इमरान खान, प्रेमलता रामी, फिरोज पठान, मुजीब सुपारी वाले, मेहताब शाह लाल, जाहिद हुसैन, अनवर नागोरी और सादिक कुरैशी उपस्थित थे।



