राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप: मध्य प्रदेश की ‘ए’ टीम में उज्जैन के कमलेश और शोएब का चयन
राज्य संस्था मुख्यालय उज्जैन के सहयोग से इंदौर में होगा राष्ट्रीय आयोजन, देवास में हुए चयन ट्रायल में घोषित हुई प्रदेश की टीमें

उज्जैन। इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई के तत्वावधान में राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश मुख्यालय उज्जैन एवं इंदौर जिला बॉडीबिल्डिंग संगठन के विशेष सहयोग से आगामी 28 एवं 29 मार्च को इंदौर के बास्केटबॉल स्टेडियम में 17वीं सीनियर मेंस एवं विमेंस बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सहभागिता करने वाले मध्य प्रदेश दल के शरीर साधकों की चयन ट्रायल स्पर्धा देवास जिला बॉडीबिल्डिंग संगठन द्वारा मल्हार मार्तंड सभागृह देवास में संपन्न हुई, जिसमें उज्जैन के खिलाड़ियों ने भी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मध्य प्रदेश के चेयरमैन प्रेम सिंह यादव एवं वाइस प्रेसिडेंट इंजीनियर गजेंद्र मेहता ने बताया कि स्पर्धा का शुभारंभ देवास नगर पालिका के पार्षद विकास जाट, एडवोकेट चंद्रपाल सिंह सोलंकी और रेहान शेख ने किया। चयन समिति में पूर्व मिस्टर इंडिया सिविल सर्विसेज व प्रादेशिक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाह, उज्जैन के राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके, इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन के संयुक्त सचिव व मध्य प्रदेश के महासचिव अतिन तिवारी, अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक रोहित जेठवा और देवास के अकबर शेख अज्जू शामिल थे।
राष्ट्रीय स्पर्धा हेतु चयनित मध्य प्रदेश की ‘ए’ टीम में उज्जैन के कमलेश चांगल और शोएब मोहम्मद को जगह मिली है। इनके साथ ही इंदौर के जेताराम नायक, युवराज वर्मा, राहुल नरवरिया और अक्षय यादव, विदिशा के उदय सिंह चौहान, नर्मदापुरम के सौरभ देवनाथ, नीमच के मुश्ताक, ग्वालियर के बनवारी लाल गुर्जर और बालाघाट के निर्मल कुमार सरयाम ‘ए’ टीम में शामिल किए गए हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश की ‘बी’ टीम में भोपाल के मेघ श्याम धुरी, विशाल तोमर और हाशिम अली, बालाघाट के विष्णु कावरे, देवास के रूपेश सिंह ठाकुर और प्रदीप ठाकुर, विदिशा के प्रमोद रघुवंशी, इंदौर के आवेश चौधरी, गुना के विवेक रघुवंशी, सतना के शैलेंद्र शुक्ला और जबलपुर के अनमोल तिवारी चयनित किए गए हैं। इस अवसर पर स्पर्धा के आयोजक रेहान शेख का विशिष्ट खेल अभिनंदन भी किया गया।



