गपशप

महाकाल की नगरी में ‘हास्य कुंभ’: 21 और 22 मार्च को लगेगी हंसी की योगशाला और मस्ती की पाठशाला

हास्य योग केंद्र के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजन; शिविर में डिप्रेशन, बीपी और डायबिटीज जैसी बीमारियों से मुक्ति के सिखाए जाएंगे गुर

उज्जैन | हास्य योग केंद्र भारतवर्ष की रजत जयंती (25 वर्ष) के अवसर पर शहर में ‘हंसो उज्जैन हंसो’ अभियान के तहत हास्य योग और मस्ती की पाठशाला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 21 और 22 मार्च को महाकाल की नगरी में देशभर के हास्य योग प्रेमियों का समागम होगा, जिसे ‘हास्य कुंभ’ का नाम दिया गया है।

21 मार्च को ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजन की जानकारी देते हुए स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास ने बताया कि यह समागम दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हास्य योग गुरु जितेन कोही के सानिध्य में होगा। पहले दिन, 21 मार्च की शाम 6:30 बजे से भरतपुरी स्थित मध्य प्रदेश सामाजिक विज्ञान संस्था ऑडिटोरियम में ‘जो हंसे वह आगे बढ़े’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘हाईना 25 अवॉर्ड’ प्रदान किए जाएंगे और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

22 मार्च को सुबह शहीद पार्क में लगेगा निशुल्क शिविर

विक्रमादित्य व्यापारी संघ (फ्रीगंज) और भारत विकास परिषद के पदाधिकारी राकेश भार्गव ने बताया कि 22 मार्च को सुबह 6 बजे से फ्रीगंज स्थित शहीद पार्क (अभिव्यक्ति मंच) पर हास्य योग का अद्भुत शिविर लगेगा। इस निशुल्क शिविर में हास्य योग गुरु जितेन कोही एक्यूप्रेशर बिंदुओं और ‘हास्य योग इंजीनियरिंग’ की जानकारी देंगे। वे बताएंगे कि कैसे हास्य योग से दिल और इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और दमा, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर (बीपी), हृदय रोग, माइग्रेन, टेंशन व डिप्रेशन जैसी बीमारियों से आसानी से मुक्ति पाई जा सकती है।

इन संस्थाओं का मिल रहा विशेष सहयोग

आयोजकों ने शहर के सभी हास्य एवं आनंद प्रेमियों से सपरिवार इष्ट मित्रों सहित इस समागम में शामिल होने की अपील की है। इस पूरे कार्यक्रम में प्रेस क्लब उज्जैन, स्वस्थ संसार परिवार, विक्रम वाटिका परिवार, भारत विकास परिषद और विक्रमादित्य फ्रीगंज व्यापारी संघ का विशेष सहयोग मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button