समाज संसार

‘चेटीचंड महोत्सव’: 8 दिनों तक उज्जैन में गूंजेंगे भगवान झूलेलाल के जयकारे

15 से 22 मार्च तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन; 20 को निकलेगी विशाल रैली, 22 को सजेगी अंतरराष्ट्रीय गायक जतिन उदासी की महफिल

उज्जैन | सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल के प्राकट्य उत्सव ‘चेटीचंड’ के उपलक्ष्य में शहर में 15 से 22 मार्च तक आठ दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ‘सिंधु जागृत समाज’ और ‘सकल सिंधी समाज’ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

​आयोजन को लेकर सिंधु जागृत समाज के वरिष्ठ समाजसेवी महेश परियानी और गोपाल बलवानी ने बताया कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण 20 मार्च को निकलने वाली विशाल वाहन रैली और 22 मार्च को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सूफी गायक जतिन उदासी की विशेष लाइव प्रस्तुति होगी।

15 मार्च: मोहित लालवानी की भजन संध्या से होगी शुरुआत

महोत्सव का उल्लास 15 मार्च (रविवार) को सिंधी कॉलोनी रोड पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम से शुरू होगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश-विदेश में अपनी कला का जादू बिखेर चुके प्रसिद्ध गायक मोहित लालवानी भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, इसी दिन भारतीय सिंधु सभा महिला शाखा द्वारा ड्राइंग व सिंधी फूड प्रतियोगिता और पूज्य सिंधी भाई बंध पंचायत द्वारा होली मिलन एवं बहराणा साहिब का आयोजन भी किया जाएगा।

20 मार्च: टावर चौक से निकलेगी विशाल वाहन रैली

चेटीचंड के दिन, 20 मार्च (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली सिंधी कॉलोनी (पटेल कॉलोनी/गीता कॉलोनी झूलेलाल मंदिर) से शुरू होकर टावर चौक पहुंचेगी। वहां से हजारों की संख्या में समाजजन विभिन्न मार्गों से होते हुए इंदिरा नगर स्थित झूलेलाल गार्डन (खाक चौक) पहुंचेंगे। यहां इंदिरा नगर सिंधी समाज द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

​इस भव्य रैली में विशेष रूप से प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा और सिंधी समाज के अभिनेता आफताब शिवदासानी शामिल होकर शोभा बढ़ाएंगे। समाजजनों को उम्मीद है कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो सकते हैं।

19 से 21 मार्च के बीच ये आयोजन भी होंगे

इस दौरान माधव नगर सिंधी समाज, पूज्य सख्खर पंचायत, श्री वरुण देव अखंड ज्योति मंदिर (गीता कॉलोनी), इंदिरा नगर सिंधी पंचायत, संतराम सिंधी कॉलोनी पंचायत और पूज्य जेकम आबाद पंचायत द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानों पर बहराणा साहिब, ध्वजारोहण, भजन संध्या, समाजसेवियों का सम्मान और महाप्रसादी के भव्य आयोजन किए जाएंगे।

22 मार्च: होटल अथर्व में जतिन उदासी की सूफी महफिल

महोत्सव का समापन समारोह 22 मार्च (रविवार) को होटल अथर्व (जंतर-मंतर, चिंतामण रोड) में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय सिंधी गायक जतिन उदासी अपनी टीम के साथ सूफी गायन की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के बाद समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी (भंडारा) की व्यवस्था रहेगी।

​आयोजन को सफल बनाने के लिए सिंधु जागृत समाज के अध्यक्ष प्रताप रोहरा, मुख्य संयोजक महेश परियानी, सचिव रमेश गंगवानी, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, सह-संयोजक गोपाल बलवानी, रमेश गजरानी, दीपक बेलानी, किशोर मुलानी और रमेश गजवानी सहित कई पदाधिकारी और समाजजन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं。

Related Articles

Back to top button