गपशप

वेतन न मिलने से आक्रोशित स्वास्थ्य कर्मचारी 13 मार्च को रहेंगे सामूहिक अवकाश पर

350 कर्मचारियों का फरवरी का वेतन और एचआरए अटका; संघ ने सीएमएचओ व कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, एएनएम का वेतन काटने पर भी जताया कड़ा विरोध

उज्जैन। न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ और मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने वेतन भुगतान सहित अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि तत्काल निराकरण नहीं हुआ, तो 13 मार्च (शुक्रवार) को सभी बहुउद्देशीय कर्मचारी एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर कार्य का बहिष्कार करेंगे।
संघ के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अहिरवार और ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जिले के 350 से अधिक कर्मचारियों को फरवरी 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। पिछले कई महीनों से कर्मचारियों को एचआरए (भ्त्।) का भुगतान भी नहीं किया गया है। इसके अलावा, शासन के आदेश के बावजूद हड़ताल अवधि के वेतन और समयमान वेतनमान के एरियर का भुगतान भी लंबे समय से अटका हुआ है, जिससे कर्मचारियों को भारी आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नियमों के विपरीत काम का दबाव और अकारण वेतन कटौती
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि शासन के निर्देशानुसार 55 वर्ष से अधिक उम्र की एएनएम से ऑनलाइन एंट्री नहीं करवाई जानी चाहिए, लेकिन स्थानीय स्तर पर उन पर इसका दबाव बनाया जा रहा है। इसी तरह, पुरुष बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) से वैक्सीनेशन का कार्य नहीं कराने के निर्देश हैं, फिर भी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स उन पर दबाव बना रहे हैं। संघ ने कड़ा विरोध जताते हुए बताया कि उज्जैन शहर में पदस्थ एएनएम का हर महीने बिना किसी उचित कारण के तीन से चार दिन का वेतन काट लिया जाता है, जो पूरी तरह अनुचित है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान इनकी रही उपस्थिति
सीएमएचओ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने के दौरान मप्र राज्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय सह संगठन मंत्री मनोहर गिरी, जिला सचिव रामसिंह बनिहार, सह सचिव नवीन पांडे, न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सचिव परमानंद कटारिया, संजय पुरैया, जिला संयोजक अजय परमार, संगठन मंत्री शकुंतला कौशल, महामंत्री राजेन्द्र अहिरवार, महेश धनेलिया, नंदिनी जोशी, नीलम डोंगरे, संभागीय अध्यक्ष रफीक मंसूरी और राकेश पाठक सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button