वार्ड-17 में पार्षद प्रतिनिधि की मनमानी: बिना सूचना तोड़े मकानों के रैंप, विरोध के बाद भागे
पीएचई और गैस लाइन के ऊपर ही खुदवा दी नाली; रहवासियों ने जताया कड़ा रोष, ऑडियो वायरल

उज्जैन | शहर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित रतन एक्सटेंशन कॉलोनी में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि मांगू पहलवान (मांगू) निगम कर्मियों और जेसीबी के साथ पहुंचे और लोगों के मकानों के आगे बने रैंप तुड़वाना शुरू कर दिया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्हें इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। इस मनमानी और दादागिरी को लेकर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक रहवासी (हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह चौहान) और मांगू के बीच तीखी बहस सुनी जा सकती है।
पीएचई लाइन पर खुदाई, नलों में आ रहा गंदा पानी
रहवासियों ने बताया कि पूर्व दिशा के मकानों के आगे से पहले ही पीएचई (पानी) और अवंतिका गैस की लाइनें गुजरी हुई हैं। उन्होंने मांगू से आग्रह किया था कि नाली का निर्माण सामने वाली दिशा में करवाया जाए, लेकिन उन्होंने एक न सुनी और अपनी मनमानी करते हुए पीएचई लाइन के ऊपर ही नाली की खुदाई शुरू करवा दी। इसका नतीजा यह है कि कॉलोनी के नलों में नाली का गंदा पानी आने लगा है, जिससे लोग परेशान हैं। इसके अलावा, एक अच्छे-भले गार्डन के बीच से भी नाली निकालकर उसे खराब कर दिया गया है।
ऑडियो वायरल: “मैं पार्षद नहीं हूं, जो करना है कर लो”
इस घटनाक्रम का जो ऑडियो सामने आया है, उसमें हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह चौहान मांगू से बिना सूचना रैंप तोड़ने का कारण पूछ रहे हैं। इस पर मांगू कहते हैं कि “मैं पार्षद नहीं हूं, मैं तो चपरासी हूं। आपको जो शिकायत करनी है, नगर निगम या पार्षद से करो।” जब भूपेंद्र सिंह उनसे रैंप बनवाने की बात कहते हैं, तो मांगू साफ इंकार कर देते हैं।
विरोध बढ़ा तो मौके से निकले मांगू
जब मांगू की इस मनमानी का मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ा विरोध किया और हंगामा बढ़ने लगा, तो मांगू वहां से चले गए। हालांकि, निगम कर्मचारी अपना काम करते रहे। इस पूरी घटना और पार्षद प्रतिनिधि के रवैये को लेकर कॉलोनीवासियों में भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि जो व्यक्ति वर्तमान में पार्षद ही नहीं है, वह किस अधिकार से इस तरह की मनमानी कर रहा है।



