समाज संसार

लीलाशाह धाम में गूंजे भजन, स्वामी लीलाशाह महाराज की 146वीं जयंती पर झूमीं सैकड़ों महिलाएं

झूलेलाल महिला मंडल ने किया भव्य आयोजन; गणेश वंदना और ज्योति प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत, महाआरती के बाद बंटी महाप्रसादी

उज्जैन। सिंधी समाज के आराध्य श्री स्वामी लीलाशाह महाराज की 146वीं जयंती लीलाशाह धाम में अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। झूलेलाल महिला मंडल द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भजनों पर झूमकर अपनी अगाध आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम का आयोजन झूलेलाल महिला मंडल के संरक्षक दीपक राजवानी और मोहन वासवानी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी गंगा मंगवानी, मंडल अध्यक्ष सोनिया नाथनी, सचिव वर्षा आडवाणी, उपाध्यक्ष नैना मुलानी और कोषाध्यक्ष भावना चांदनी तोलानी सहित मंडल की सभी सदस्याएं और पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
सुमधुर भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
समारोह की शुरुआत सर्वप्रथम भगवान गणेश, श्री स्वामी लीलाशाह महाराज और भगवान झूलेलाल के समक्ष ज्योति प्रज्ज्वलित कर तथा गणेश वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात ‘श्री जय अंबे संगीत मंडली’ के सुंदर लालवानी जी ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। इन धार्मिक भजनों से पूरा माहौल पूरी तरह से धर्ममय हो गया।
नृत्य कर महिलाओं ने प्रकट की आस्था
सैकड़ों महिलाओं ने भजनों की धुनों पर झूमकर नृत्य किया, वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं अपने स्थान पर बैठकर इन भजनों का आनंद लेती रहीं। भक्ति का यह अद्भुत नजारा देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं स्वामी लीलाशाह महाराज उपस्थित होकर सभी महिलाओं को अपना आशीर्वाद दे रहे हों। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से महाआरती की। आरती के पश्चात सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Related Articles

Back to top button