भैरवगढ़ में तीन दिवसीय बाटिक और ब्लॉक प्रिंटिंग प्रशिक्षण का समापन, 25 महिलाओं ने लिया भाग
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पायलट प्रोजेक्ट के तहत लिटिल एनर्जी शिक्षण समिति ने किया आयोजन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया गया प्रेरित

उज्जैन। दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के पायलट प्रोजेक्ट के तहत भैरवगढ़ स्थित पाकीजा कॉलोनी में तीन दिवसीय बाटिक और ब्लॉक प्रिंटिंग प्रशिक्षण का 17 मार्च को समापन हुआ। लिटिल एनर्जी शिक्षण समिति उज्जैन द्वारा आयोजित इस सेक्टोरल प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25 महिलाओं ने भाग लिया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया मार्गदर्शन
समापन अवसर पर शिक्षा अधिकारी जगदीप सिंह ने महिलाओं को प्रशिक्षण का महत्व बताते हुए आभा कार्ड, ई-श्रम कार्ड और प्रमाण पत्र की उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। क्षेत्रीय वार्ड पार्षद निकिता परमानन्द मालवीय ने कार्यक्रम की सराहना की तथा महिलाओं को प्रशिक्षण के सर्टिफिकेट प्रदान करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समूह में कार्य कर आत्मनिर्भर बनने की सलाह
संस्था की अध्यक्ष किरण सिसोदिया ने महिलाओं को इस प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। ट्रेनर सुनिता मेवाड़ा ने महिलाओं को आगे आकर समूह में कार्य करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को कपड़े पर ब्लॉक रखने की सही विधि बताई और रंग करते समय सुरक्षा के लिए हाथों में ग्लव्स पहनने जैसी सावधानियां भी सिखाईं। कार्यक्रम में महिलाओं को समूह से जोड़ने का कार्य चंदा विश्वकर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में संतोष सिंह ने आभार व्यक्त किया।



