धर्म-कर्म

सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर हुआ भारतीय नव संवत्सर ‘रौद्र’ का भव्य स्वागत

क्षिप्रा तट पर 108 बटुकों ने किया आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ, नन्हीं बालिकाओं ने दी नवदुर्गा स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुति

उज्जैन। अनुष्ठान मंडपम ज्योतिष अकादमी और नव संवत्सर अभिनंदन समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार 19 मार्च 2026 को भारतीय नव संवत्सर ‘रौद्र’ का भव्य स्वागत किया गया। दत्त अखाड़ा स्थित क्षिप्रा तट पर प्रातः 5 बजे से आयोजित इस समारोह में सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर नव वर्ष का अभिवादन किया गया।
आयोजन समिति के संयोजक ज्योतिषाचार्य पंडित चंदन श्यामनारायण व्यास ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात आचार्य वासुदेव पुरोहित के आचार्यत्व में वैदिक विद्वानों द्वारा मंगलाचरण कर मां क्षिप्रा का पंचामृत पूजन किया गया। प्रातः 6.32 बजे 108 बटुकों ने आदित्य हृदय स्तोत्र के पाठ के साथ सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य अर्पित कर नव संवत्सर का स्वागत किया।
इस अवसर पर निनाद नृत्य संस्था की निर्देशिका पलक पटवर्धन के नेतृत्व में नन्ही बालिकाओं द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई। बालिकाओं ने नृत्य के माध्यम से नवदुर्गा के स्वरूपों को दर्शाया, जो उपस्थितजनों के लिए काफी आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में महिलाओं द्वारा गुड़ी और ध्वज का पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद स्वरूप नीम-मिश्री और ब्रह्म ध्वज का वितरण किया गया।
कार्यक्रम संयोजक पंडित चंदन श्यामनारायण व्यास ने सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। समारोह में महामंडलेश्वर श्री ज्ञानदास जी महाराज, धर्माधिकारी पंडित नारायण उपाध्याय, विक्रमादित्य शोध पीठ के निदेशक एवं मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, युवा कथावाचक पंडित अर्जुन गौतम, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अर्पण भारद्वाज, राजेश कुशवाह, अनंतनारायण मीणा, डॉ. रमन सोलंकी, डॉ. रामतीर्थ शर्मा, कवि दिनेश दिग्गज, पंडित नागेश शर्मा, पंडित हेमंत जोशी, श्री लखन धनगर, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र चतुर्वेदी, आशुतोष मीणा, मनीष रावल, कैलाश जाट, दिनेश पंड्या, वासुदेव रावल, पंडित विजय तिवारी, पंडित गोपाल कृष्ण दवे और दिनेश रावल सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन पंडित गौरव उपाध्याय ने किया।

Related Articles

Back to top button