वेदविद्या संस्थान के गुरुकुल में छात्र की बेरहमी से पिटाई, पूर्व जिपं उपाध्यक्ष भरत पोरवाल ने एसपी-कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग
दूसरे के बिस्तर पर सोने को लेकर वार्डन दत्तदास शेवड़े ने बरसाए डंडे; एसपी प्रदीप शर्मा ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

उज्जैन। महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान (गुरुकुल) में एक शिक्षक द्वारा छात्र को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। चिंतामण गणेश मंदिर रोड स्थित परिसर के एक कमरे में हुई इस घटना का वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। वीडियो में सामवेद राणायनी शाखा में पदस्थ शिक्षक और वार्डन दत्तदास शेवड़े छात्र से सवाल-जवाब करते हुए उस पर डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि छात्र को दूसरे के बिस्तर पर सोने के कारण पीटा गया और इस दौरान वह दर्द से चीखता रहा।
भरत पोरवाल ने की पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भरत पोरवाल ने पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने की पहल की है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उज्जैन कलेक्टर और एसपी प्रदीप शर्मा से दूरभाष पर चर्चा की। पोरवाल ने इस कृत्य को अपराध बताते हुए आरोपी वार्डन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी शर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले में रात में ही उचित कार्रवाई की जाएगी।



