राजनीति

सीएम डॉ. मोहन यादव के जन्मदिन पर जल प्रदाय रोकने का विरोध: कायस्थ समाज के अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उज्जैन में 25 मार्च को पानी की सप्लाई रोकने के पीएचई के निर्णय पर आपत्ति, निगमायुक्त सहित अधिकारियों को दी गई सूचना

उज्जैन। शहर में 25 मार्च को जल प्रदाय रोकने के पीएचई विभाग के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। उज्जैन उत्तर विधानसभा कायस्थ समाज के अध्यक्ष मंगेश श्रीवास्तव ने इस संबंध में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को पत्र सौंपकर जल प्रदाय सुचारू रखने की मांग की है।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर कटौती का निर्णय अशोभनीय
कलेक्टर को दिए गए पत्र में बताया गया है कि 25 मार्च को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जन्मदिन है। उज्जैन मुख्यमंत्री का गृह नगर होने के कारण इस दिन पीएचई द्वारा जल प्रदाय रोकने का निर्णय उचित नहीं है। मंगेश श्रीवास्तव ने नगर निगम के इस फैसले को अशोभनीय बताते हुए मांग की है कि 25 मार्च को जल प्रदाय सुचारू रखा जाए और पीएचई की लाइन की सफाई किसी अन्य दिन की जाए।
निगमायुक्त और पीएचई अधिकारियों को भी कराया अवगत
इस विषय पर कायस्थ समाज के अध्यक्ष मंगेश श्रीवास्तव ने नगर निगम कमिश्नर को भी दूरभाष के माध्यम से स्थिति से अवगत करा दिया है। इसके अतिरिक्त, पीएचई के अधिकारी शिवम दुबे से भी मिलकर जल प्रदाय रोकने के निर्णय पर आपत्ति दर्ज कराई गई। हालांकि पीएचई अधिकारी ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र का मामला नहीं बताया, लेकिन उन्हें नागरिकों की मांग से पूरी तरह अवगत करा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button