महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए उज्जैन इनक्यूबेशन सेंटर ने लॉन्च किया ‘अवंति’
- 70 से अधिक महिलाओं ने की सहभागिता, 15 से अधिक स्टार्टअप उत्पादों की लगी प्रदर्शनी, महिलाओं को मिलेगा समग्र व्यावसायिक सहयोग

उज्जैन। उज्जैन के उद्यमिता परिदृश्य को सशक्त बनाने और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति देने के लिए 25 मार्च 2026 को उज्जैन इनक्यूबेशन सेंटर द्वारा ‘अवंति’ महिला उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ का सफल शुभारंभ किया गया। यह पहल विशेष रूप से महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को गति देने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। इस भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम उज्जैन की अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशेषज्ञ मेंटर्स, विशिष्ट अतिथियों एवं महिला उद्यमियों ने भी सहभागिता की।
स्टार्टअप उत्पादों ने किया आकर्षित
आयोजन में 70 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिनमें संभावित उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक एवं विभिन्न क्षेत्रों के हितधारक शामिल रहे। मुख्य आकर्षण 15 से अधिक महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप उत्पादों की प्रदर्शनी रही, जिसने उज्जैन में बढ़ती नवाचार एवं उद्यमिता की भावना को दर्शाया।
हर महिला के लिए अवसरों का मंच
‘अवंति’ को एक समावेशी मंच के रूप में विकसित किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी महिला—चाहे वह गृहिणी हो, छात्रा, स्वयं सहायता समूह की सदस्य, होम-बेस्ड व्यवसाय संचालक या एक उभरती उद्यमी—अपने विचारों को सफल और टिकाऊ व्यवसाय में परिवर्तित कर सकेगी।
मिलेगी समग्र सहायता और तकनीकी सहयोग
इस पहल के तहत महिलाओं को व्यापक उद्यमिता सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसमें बिजनेस प्लानिंग, आइडिया वैलिडेशन, डिजिटल साक्षरता, मार्केटिंग, ग्राहक प्रबंधन, वित्तीय मार्गदर्शन, और कानूनी सहायता शामिल है। इसके अतिरिक्त एआई टूल्स का उपयोग, निःशुल्क लोगो डिजाइन, वेबसाइट विकास सहयोग, सोशल मीडिया प्रशिक्षण, एडब्ल्यूएस क्लाउड क्रेडिट्स एवं मार्केट लिंकेज सपोर्ट भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके व्यवसाय का समग्र विकास हो सके।
उभरते शहरों में उद्यमिता पर हुआ मंथन
कार्यक्रम में “उभरते शहरों में महिला उद्यमिता: अवसर, चुनौतियाँ एवं सहयोगी तंत्र” विषय पर एक सार्थक पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम और महिला उद्यमियों की चुनौतियों के समाधान पर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। विशेषज्ञों द्वारा उद्यमिता व नवाचार पर सत्र भी आयोजित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि ‘अवंति’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करने वाला एक आंदोलन है। गौरतलब है कि केवल एक वर्ष के भीतर उज्जैन इनक्यूबेशन सेंटर ने नवाचार और मेंटरशिप के माध्यम से शहर के स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ‘अवंति’ का यह शुभारंभ महिला-नेतृत्व वाले इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।



