गपशप

बकाया किराया और कमीशन दिलाने की मांग, वेयरहाउस ओनर्स एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सुराना पैलेस में हुई साधारण सभा की बैठक, लंबित लाइसेंसों के नवीनीकरण और जेवीएस योजना को लेकर उठाई आवाज

उज्जैन। मध्यप्रदेश निजी वेयरहाउस ओनर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी.पी. भाईजी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में वर्ष 2024-25 का बकाया किराया और वर्ष 2025-26 की कमीशन राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बिंदुवार समस्याएं बताते हुए उल्लेख किया गया है कि विगत पांच माह का स्कंध का मासिक किराया और गेहूं उपार्जन सेवा सहकारी संस्थाओं एवं निजी वेयरहाउस स्तरीय खरीदी केंद्र की एक वर्ष से लंबित कमीशन राशि तत्काल अविलंब दिलाई जाए। इसके अलावा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल स्तर पर लंबित वेयरहाउसों के लाइसेंस का नवीनीकरण जल्द स्वीकृत कराने की मांग की गई।
एसोसिएशन ने बताया कि वर्तमान में उज्जैन जिले के 10 और रतलाम जिले के 5 लाइसेंस लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। पुराने गेहूं के उठाव और ट्रांसपोर्ट की मनमानी पर रोक लगाने, 1 अप्रैल 2026 से गेहूं उपार्जन के लिए जेवीएस योजना के तहत ऑफर और तौल केंद्र स्थापित करने की भी मांग रखी गई ताकि किसानों को परेशानी न हो। साथ ही, वेयरहाउस स्तरीय खरीदी केंद्रों पर संचालकों की कमीशन राशि 13.50 रुपये प्रति क्विंटल करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक जगदीशचंद्र लड्डा, उपाध्यक्ष पंकज जैन, संयोजक गुड्डू नागोरी, मुकेश पाटीदार, दरबार सिंह सोलंकी, नारायण पाटीदार, उमंग जैन, ओमप्रकाश पाटीदार और राधेश्याम गेहलोत आदि उपस्थित थे।
सुराना पैलेस में साधारण सभा की बैठक संपन्न
इससे पूर्व, एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक सुराना पैलेस में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल कादर पटेल थे। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डी.पी. भाईजी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुकेश पाटीदार और संरक्षक जगदीशचंद्र लड्डा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
बैठक में दीपक धामारीकर, अखिलेश, धनीराम रायकवार, कय्यूम नागोरी और अखिलेश धबाई ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का स्वागत भाषण राधेश्याम गेहलोत ने दिया। संचालन पंकज जैन ने किया तथा आभार गुड्डू नागोरी ने माना। उक्त जानकारी एसोसिएशन के सचिव भीमसिंह पंवार ने दी।

Related Articles

Back to top button