राज्य की महंगाई दर के अनुसार मिले न्यूनतम वेतन: आउटसोर्स कर्मचारी संघ
उज्जैन हेलीपैड पर मुख्यमंत्री को दी जन्मदिवस की बधाई, 1 अप्रैल से प्रस्तावित फ्लोरवेज के आधार पर भुगतान की मांग; प्रभारी मंत्री को भी सौंपा ज्ञापन

उज्जैन। आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने उज्जैन हेलीपैड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर उन्हें जन्मदिवस की आत्मीय बधाई दी। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया और बाबा महाकाल का दुपट्टा ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए राज्य की महंगाई दर के आधार पर आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने का आग्रह किया गया।
संघ ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि केंद्र सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में लिए गए निर्णय के तहत 1 अप्रैल 2026 से प्रदेश में फ्लोरवेज के हिसाब से न्यूनतम वेतन देना प्रस्तावित है। वर्तमान की बढ़ती महंगाई को देखते हुए प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों को भी इस बढ़े हुए न्यूनतम वेतन का लाभ दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। संघ ने अपनी इन मांगों से जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल को भी अवगत कराया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय मजदूर संघ के उज्जैन आगर विभाग प्रमुख सतीश शर्मा, आउटसोर्स कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष गुलशन मंसूरी, उपाध्यक्ष वर्षा कछवाय, लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष हेमराज घावरी, जिला सचिव मुकेश रायकवार, जनजाति कार्य विभाग के विभागीय अध्यक्ष रवि चौहान, मयूर उपाध्याय, मयूर शर्मा, अलीम पठान और महेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



