राष्ट्रीय नृत्य स्पर्धा में प्रतिकल्पा के कलाकारों ने जीते पांच अवार्ड
अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ पुणे ने किया था आयोजन, ग्रैंड फिनाले के लिए अंडमान निकोबार जाएंगे विजेता

उज्जैन। अखिल भारतीय सांस्कृतिक संघ पुणे द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भारतीय नृत्य प्रतियोगिता में उज्जैन की प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था के प्रतिभाशाली कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच अवार्ड अपने नाम किए हैं। इन कलाकारों का चयन अंडमान निकोबार आइलैंड में होने वाले प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले के लिए हो गया है।
संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. अनिता चौधरी ने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय स्तर पर प्रतिवर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। वर्ष 2026 की स्पर्धा में संस्था के कलाकारों ने वरिष्ठ नृत्यगुरू डॉ. पल्लवी किशन के मार्गदर्शन में तैयारी कर हिस्सा लिया था और विभिन्न श्रेणियों में चार प्रथम एवं एक द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
प्रतियोगिता में ओपन कैटेगरी के सेमी क्लासिकल नृत्य में नविता मंडलोई ने प्रथम, जूनियर कैटेगरी के सेमी क्लासिकल में रिद्धि सोनी ने प्रथम और माइनर कैटेगरी के सेमी क्लासिकल में जानवी चांडक ने प्रथम पुरस्कार जीता। इसी तरह माइनर कैटेगरी के फोक डांस में क्रिस्टी सलूजा ने प्रथम एवं रोशिता सोनी ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
कलाकारों की इस उपलब्धि पर संस्था अध्यक्ष डॉ. शिव चौरसिया, कुमार किशन, डॉ. अनिता चौधरी, सुश्री शीला व्यास, डॉ. पुष्पा चौरसिया, डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा, विजय भागचंदानी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, प्रवीण चतुर्वेदी, मिलन गुप्ता और स्वप्निल केलकर सहित संस्था के अनेक सदस्यों एवं अभिभावकों ने नृत्यगुरु डॉ. पल्लवी किशन व सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की है।



