फिट इंडिया साइकलिंग का 100वां एडिशन रविवार को, देश के 100 शहरों में उज्जैन भी शामिल
सुबह 7 बजे टावर चौराहे से शुरू होकर कोठी पैलेस व कलेक्टर कार्यालय होते हुए वापस यहीं होगा समापन

उज्जैन। भारतीय खेल प्राधिकरण साई और देशवाली समाज अखाड़ा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 29 नवंबर को फिट इंडिया साइकलिंग का आयोजन किया जाएगा। साइकिलिंग सुबह 7 बजे टावर चौराहे से शुरू होकर कोठी पैलेस और कलेक्टर कार्यालय होते हुए वापस टावर चौराहे पर पहुंचकर संपन्न होगी।
साई के वरिष्ठ कुश्ती प्रशिक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक हरीश राजौरा ने बताया कि फिट इंडिया साइकलिंग के 100 एडिशन पूरे होने के उपलक्ष्य में देश के 100 विभिन्न स्थानों पर यह आयोजन हो रहा है, जिसमें उज्जैन का भी चयन किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति रोजाना अपने स्वास्थ्य के लिए 30 मिनट का समय निकाले। इसके साथ ही 2036 में भारत की मेजबानी में होने वाले ओलंपिक गेम्स के लिए देश को खेलों के माध्यम से मजबूत बनाना भी इसका लक्ष्य है।
आयोजन में खेल अधिकारी विजेंदर देवड़ा, माय भारत की टीम, जिला युवा अधिकारी नीतू मीणा, साइकलिंग संघ के सचिव डॉ. निर्दोष निर्भय, संघ के गोपाल महाकाल और सोसाइटी ऑफ ग्लोबल साइकिल के उत्कर्ष सिंह सेंगर का विशेष सहयोग रहेगा। संयोजक हरीश राजौरा ने शहरवासियों से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इच्छुक साइकिलिस्ट भाग लेने के लिए देशवाली समाज अखाड़ा केंद्र के संचालक लीलाधर जादव और साई के वरिष्ठ प्रशिक्षक हरीश राजौरा से संपर्क कर सकते हैं।



