8.50 करोड़ के नवनिर्मित तरण ताल लोकार्पण में राजनीति, क्षेत्रीय पार्षद को किया दरकिनार
कांग्रेस पार्षद दल के उपनेता गब्बर कुवाल का आरोप- भूमिपूजन में बुलाया, लेकिन उद्घाटन में नाम हटाना 'ओछी मानसिकता'; अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी का आरोप

उज्जैन। देवास रोड स्थित नगर निगम के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय स्तर के तरण ताल का लोकार्पण गुरुवार को हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। एक ओर जहां शहर के तैराकी प्रेमियों को अत्याधुनिक स्विमिंग पूल की सौगात मिलने जा रही है, वहीं इस आयोजन से ठीक पहले विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद की उपेक्षा और शिलापट्ट पर नाम न होने को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
भूमिपूजन में सम्मान, उद्घाटन में उपेक्षा
कांग्रेस पार्षद दल के उपनेता गब्बर कुवाल ने आरोप लगाया है कि संबंधित वार्ड की क्षेत्रीय पार्षद सुलेखा राजेंद्र वशिष्ठ हैं। जब पुराने स्विमिंग पूल को तोड़कर 8.50 करोड़ की लागत से इस पूल का निर्माण शुरू हुआ था, तब भूमिपूजन के अवसर पर उन्हें ससम्मान आमंत्रित किया गया था। लेकिन अब उद्घाटन के मौके पर शिलापट्ट से क्षेत्रीय पार्षद का नाम हटा दिया गया है, जो कि सीधे तौर पर ‘ओछी मानसिकता’ को दर्शाता है।
अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी का आरोप
उपनेता गब्बर कुवाल ने अधिकारियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत स्पष्ट प्रावधान है कि किसी भी वार्ड की सीमा में कार्य वहां के पार्षद की सहमति और संज्ञान के अनुसार ही किया जा सकता है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी नियमों और विधानों के विपरीत जाकर काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत, नहीं तो होगा आंदोलन
कांग्रेस पार्टी ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वे माननीय मुख्यमंत्री जी से इस संबंध में निवेदन करेंगे कि वे नगर निगम अधिकारियों को नियमों और विधानों के अंतर्गत काम करने के लिए निर्देशित करें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो कांग्रेस पार्टी इसके विरोध में अगला कदम आंदोलन के रूप में उठाएगी।



