संस्कृत वाद-विवाद में उज्जैन के आभाष, हिंदी में गौरांगी और काव्यपाठ में वैदेही अव्वल
अखिल भारतीय कालिदास समारोह के अंतर्गत हुईं विविध स्पर्धाएं, विक्रम पत्रिका के कालिदास विशेषांक का हुआ लोकार्पण

उज्जैन। मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय एवं कालिदास संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कालिदास समारोह के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाएं संपन्न हुईं। विश्वविद्यालय की कालिदास समिति द्वारा आयोजित अंतरविश्वविद्यालयीन संस्कृत वाद-विवाद में महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विज्ञान विश्वविद्यालय उज्जैन के आभाष शर्मा, राज्य स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन कालिदास काव्यपाठ में शासकीय संस्कृत महाविद्यालय इंदौर की वैदेही व्यास तथा अंतरमहाविद्यालयीन हिंदी वाद-विवाद स्पर्धा में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर की गौरांगी मेहता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कालिदास समिति सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित ‘विक्रम’ पत्रिका के कालिदास विशेषांक का लोकार्पण किया। पत्रिका का संपादन समिति के सचिव प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा एवं प्रो. शीतांशु रथ तथा सह-संपादन डॉ. महेंद्र पंड्या ने किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए इंदौर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हरेराम वाजपेयी ने कहा कि कालिदास जब लिख रहे थे, तब उनका वर्तमान उनके सामने था। साहित्य और संस्कृति की गरिमा हमारी परंपरा है। अपनी भाषा को समृद्ध बनाने के लिए भाषा का ज्ञान आवश्यक है। कालिदास जैसे मनीषियों ने जो रचा है, वह सिर्फ दृष्टि डालने के लिए नहीं बल्कि ज्ञान अर्जित करने के लिए है। कालिदास काव्यपाठ स्पर्धा की अध्यक्षता करते हुए उज्जैन की डॉ. अजिता त्रिवेदी ने कहा कि उच्चारण और अर्थबोध काव्यपाठ के आधार हैं। इनका समन्वय श्लोक पाठ को शुद्ध बनाता है और अर्थ का अनर्थ नहीं होने देता। निर्णायक डॉ. संतोष पंड्या ने प्रतिभागियों के उत्साह को सराहनीय बताते हुए पाठ के समय स्मृति और उच्चारण का ध्यान रखने की बात कही। भोपाल के डॉ. कृपाशंकर शुक्ल ने विद्यार्थियों को स्वर व उच्चारण के साथ अर्थबोध पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।
तीन श्रेणियों में हुईं स्पर्धाएं
सिंधिया प्राच्यविद्या सभागार में हुई संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘कालिदासेन ज्ञानस्य भारतीया परम्परा। यथा संरक्षिता काव्ये तथा नान्येन केनचित्’ रखा गया था। इसकी अध्यक्षता वाराणसी के प्रो. भगवतशरण शुक्ल ने की। निर्णायक जोधपुर के डॉ. सरोज कौशल, उज्जैन के डॉ. संतोष पंड्या, नई दिल्ली के डॉ. चंद्रभूषण झा और कालिदास समिति के सचिव प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा थे।
राज्य स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन कालिदास काव्यपाठ प्रतियोगिता में महाकवि कालिदास की अमर कृति ‘मेघदूतम्’ के श्लोकों का चयन किया गया था। इसकी अध्यक्षता उज्जैन की डॉ. अजिता त्रिवेदी ने की और सारस्वत अतिथि वाराणसी के प्रो. भगवतशरण शुक्ल रहे। आगरा की डॉ. अनीता, उज्जैन के डॉ. संतोष पंड्या और भोपाल के डॉ. कृपाशंकर शर्मा निर्णायक थे।
26 नवंबर की शाम कालिदास संस्कृत अकादमी में ‘केवल महाकवि कालिदास ने ही भारतीय ज्ञान परंपरा को अपने काव्यों में संरक्षित किया है’ विषय पर अंतरमहाविद्यालयीन हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। अध्यक्षता इंदौर के डॉ. हरेराम वाजपेयी ने की और सारस्वत अतिथि उज्जैन की प्रो. अजीता त्रिवेदी रहीं। विशिष्ट अतिथि भोपाल के प्रो. कृपाशंकर शर्मा, डॉ. हरीश कुमार सिंह व प्रो. जगदीश चंद्र शर्मा थे। निर्णायक मंडल में भोपाल के डॉ. निलिम्प त्रिपाठी, वनस्थली की डॉ. अंजना शर्मा और भोपाल के डॉ. पवन व्यास शामिल रहे।
स्पर्धाओं के परिणाम
संस्कृत वाद-विवाद स्पर्धा
प्रथम आभाष शर्मा व द्वितीय कृष्णा शर्मा महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विज्ञान विश्वविद्यालय उज्जैन, तृतीय भवानी शंकर दास उत्कल विश्वविद्यालय भुवनेश्वर, चतुर्थ विकाशचंद्र मुदुकी भुवनेश्वर तथा पंचम सुरेशचंद्र पांडेय राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय तिरुपति रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के कवि जैन और राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय तिरुपति के राजू कालसाए को दिया जाएगा। श्रीमती गंगादेवी दुबे स्मृति आवर्तक रजत वैजयंती पुरस्कार एवं भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय आवर्तक रजत फलक महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विज्ञान विश्वविद्यालय उज्जैन को प्रदान किया जाएगा, जिसके प्रतिनिधि छात्र आभाष शर्मा और कृष्णा शर्मा थे।
राज्य स्तरीय संस्कृत काव्यपाठ स्पर्धा
प्रथम वैदेही व्यास शासकीय संस्कृत महाविद्यालय इंदौर, द्वितीय आभाष शर्मा महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन और तृतीय सुकृति शर्मा शासकीय संस्कृत महाविद्यालय इंदौर रहीं। प्रोत्साहन पुरस्कार शासकीय महाविद्यालय उज्जैन की वेदिका कहार और महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन की आकांक्षा मेहता को दिया गया। स्व. श्री संकर्षण व्यास आवर्तक रजत फलक एवं स्व. अनंतनारायण पुरोहित आवर्तक रजत फलक के लिए शासकीय संस्कृत महाविद्यालय इंदौर को घोषित किया गया, जिसकी प्रतिभागी वैदेही व्यास और सुकृति शर्मा थीं।
हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता
प्रथम गौरांगी मेहता इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर, द्वितीय आभाष शर्मा महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन और तृतीय सद्भव तिवारी केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय भोपाल परिसर रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए शिक्षा शास्त्र विभाग महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विज्ञान विश्वविद्यालय उज्जैन के जय शर्मा और शुभम प्रजापति चयनित हुए। विमलचंद सेठी आवर्तक रजत फलक (सर्वाधिक अंकों के आधार पर) महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन को मिलेगा, जिसके प्रतिभागी आभाष शर्मा और जय शर्मा थे। कुमारी रश्मि सेठिया स्मृति रजत पदक (व्यक्तिगत सर्वाधिक महिला प्रतिभागी) इंदौर की गौरांगी मेहता को दिया जाएगा। कुमारी रश्मि सेठिया स्मृति आवर्तक रजत फलक (महिला प्रतिभागियों में सर्वाधिक अंकों के आधार पर) देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर को दिया जाएगा, जिसकी प्रतिनिधि छात्र गौरांगी मेहता और अदिति राजवैद्य थीं।
कालिदास संस्कृत काव्यपाठ प्रतियोगिता का संचालन डॉ. प्रीति पांडेय, संस्कृत वाद-विवाद का डॉ. पूजा उपाध्याय और हिंदी वाद-विवाद का संचालन डॉ. पांखुरी वक्त ने किया। आभार प्रो. जगदीशचंद्र शर्मा और डॉ. महेंद्र पंड्या ने माना।
समापन समारोह में 27 नवंबर को होगा पुरस्कार वितरण
अखिल भारतीय कालिदास समारोह के समापन अवसर पर 27 नवंबर को शाम 4 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी में पुरस्कार वितरण होगा। कालिदास समिति के सचिव प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने बताया कि विक्रम विश्वविद्यालय की कालिदास समिति द्वारा आयोजित श्रेष्ठ शोध पत्रों के लिए विक्रम कालिदास पुरस्कार के साथ समस्त विद्यालयीन, अंतरमहाविद्यालयीन एवं राष्ट्रीय स्तर की अंतरविश्वविद्यालयीन स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।



