धर्म-कर्म
भरतनाट्यम नृत्य नाटिका ‘निर्मल पराशक्ति आराधन’ से भावविभोर हुए दर्शक
68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह में वरदा कला संस्थान इंदौर के कलाकारों ने दी प्रस्तुति

उज्जैन। 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के छठे दिन गुरुवार को कालिदास अकादमी परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भरतनाट्यम नृत्य नाटिका ‘निर्मल पराशक्ति आराधन’ की सफल प्रस्तुति दी गई। वरदा कला संस्थान, इंदौर की ओर से गुरु श्रुति राजीव शर्मा के निर्देशन में प्रस्तुत इस नृत्य नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
26 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम गणेश वंदना ‘गाइए गणपति वंदन’ प्रस्तुत की गई। इसके बाद मां आदिशक्ति के महाकाली स्वरूप का वर्णन ‘ॐ जयंती मंगला’ और मां सरस्वती की स्तुति ‘या कुन्देन्दु तुषारहार’ की प्रस्तुति हुई। अंत में ‘परमेश्वरी भगवती निर्मला’ के माध्यम से कुंडलिनी शक्ति जागृति के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। यह प्रस्तुति प्रिया, अमृता, अंशिका और अनाया ने दी।



