पाठशाला

नशे को पहली बार और हर बार ‘ना’ कहना सीखें

शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय में साइकिल रैली, योग व जुम्बा के साथ दिलाई गई नशामुक्ति और बाल विवाह उन्मूलन की शपथ

उज्जैन। शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशामुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के तीसरे माह की थीम ‘मजबूत समुदाय, स्वस्थ युवा’ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशामुक्ति विषय पर व्याख्यान, साइकिल रैली, योग, जुम्बा एवं रस्सी कूद जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। साथ ही छात्राओं को नशामुक्त भारत के निर्माण तथा बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के संयुक्त संचालक सतीश कुमार सोलंकी थे तथा अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्र संघ प्रभारी डॉ. कविता मंगलम ने अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि श्री सोलंकी ने छात्राओं को नशामुक्ति अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि नशे से दूर रहने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और सही निर्णय आवश्यक हैं। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा, “नशे को पहली बार और हर बार ‘ना’ कहना सीखें।” उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी राष्ट्र की विकास यात्रा की आधारशिला हैं। स्वस्थ एवं जागरूक युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं। उन्होंने नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को कम उम्र में विवाह नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सपनों को पूरा करने के अवसर मिलने चाहिए।
बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय की डॉ. अंजना बुंदेला ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम में युवाओं एवं शिक्षण संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन रूपाली झीनीवाल ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी मोनिका परमार ने आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button