समाज संसार

नई कविता जीवन की समग्रता और नवचेतना की अभिव्यक्ति- डॉ. उर्मी शर्मा 

भाव प्रबोध संस्था के साहित्यिक आयोजन में ‘नई कविता की मुक्त धारा’ विषय पर हुआ व्याख्यान 

स्व. रहीम गुट्टी को मरणोपरांत सम्मान, साहित्य मनीषी डॉ. मोहन गुप्त का अभिनंदन

उज्जैन। समकालीन जीवन और नव्य चेतना की अभिव्यक्ति के साथ आज की कविता भविष्य की अनेक गांठें खोलने का सामर्थ्य रखती है। यह विचार साहित्यकार डॉ. उर्मी शर्मा ने भाव प्रबोध संस्था द्वारा आयोजित ‘नई कविता की मुक्त धारा’ विषयक व्याख्यान में व्यक्त किए। इस अवसर पर साहित्य मनीषी डॉ. मोहन गुप्त का अभिनंदन कर उन्हें तथा कला मनीषी स्व. रहीम गुट्टी को मरणोपरांत ‘भाव प्रबोध सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि साहित्य में प्रगतिवाद और प्रयोगवाद के बाद नई कविता का उद्भव हुआ। युग और जीवन की विविध प्रवृत्तियों को आत्मसात कर भावबोध एवं नवीन चेतना से संपृक्त कविता को नई कविता कहा गया है। नई कविता आश्वासन में विश्वास रखती है और पार्थिव जगत की समग्रता को समझने का प्रयास करती है, जिसमें क्षण का भी विशेष महत्व है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. हरिमोहन बुधोलिया ने की और संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रीति जोशी ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. भगवती लाल राजपुरोहित, इग्नू के पूर्व कुलपति एवं नैक के चेयरमैन डॉ. नागेश्वर राव तथा महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. संजीव शर्मा उपस्थित थे।

अतिथियों ने रखे विचार, कथक में हुई कविता की प्रस्तुति

उद्बोधन में डॉ. मोहन गुप्त ने कहा कि भाषा का जन्म भारत में हुआ है और भारतीय साहित्य में भयानक रस कहीं भी नहीं मिलता। दर्शन शब्द में संसार को देखने की दृष्टि निहित है और विज्ञान भी दर्शन का ही एक अंग है। उज्जैन में ज्ञान की विभिन्न शाखाएं साहित्य, संगीत और कला निरंतर फल-फूल रही हैं। पद्मश्री डॉ. भगवती लाल राजपुरोहित ने कहा कि उत्साह के बिना कोई कार्य संभव नहीं है, उत्साह से ही कल्पना जागृत होती है और उसका विकास होता है। डॉ. नागेश्वर राव ने उज्जैन को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक नगर बताते हुए कहा कि यहां के साहित्य में गुणवत्ता की कोई कमी नहीं है। डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि महाकवि कालिदास को उज्जैन से विशेष प्रेम था और भारतीय संस्कृति की पुण्य सनातन धारा उज्जैन में निरंतर प्रवाहित हो रही है। कार्यक्रम में डॉ. पूनम व्यास ने कथक शैली में कविता की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर साहित्य और नृत्य का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

अतिथियों का स्वागत डॉ. गोपाल शर्मा, डॉ. शिव चौरसिया, डॉ. शैलेंद्र पाराशर, डॉ. विजय सुखवानी, डॉ. श्रीकृष्ण जोशी, डॉ. जफर महमूद, डॉ. क्षमा सिसोदिया, डॉ. संगीता वत्स, डॉ. राजेश रावल, डॉ. प्रवीण जोशी, डॉ. प्रेमलता चुटेल, डॉ. उमा वाजपेयी, साहित्यकार संतोष सुपेकर, आर.पी. तिवारी एवं सीमा देवेंद्र ने किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सविता अरोरा और डॉ. रोशनी यादव ने किया।

Related Articles

Back to top button