आचार्य विद्यासागर के जीवन दर्शन में निहित है सतत विकास की वैश्विक दृष्टि
सम्राट विक्रमादित्य विवि की व्याख्यानमाला के दूसरे दिन बोले प्रो. नीरज जैन- हथकरघा और प्रतिभास्थली आत्मनिर्भरता के प्रभावी उदाहरण

उज्जैन। आचार्य विद्यासागर महाराज का जीवन दर्शन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें लोककल्याण, व्यवहार शुद्धि, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता की व्यापक दृष्टि समाहित है। किसी भी सिद्धांत और साधना की सार्थकता तभी है, जब वह समाज के लिए उपयोगी परिणाम और सकारात्मक बदलाव लाए।
यह बात एसजीएसआईटीएस, इंदौर के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर प्रो. नीरज जैन ने कही। वे अष्टान्हिका महापर्व पर सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के आचार्य विद्यासागर पीठ एवं शोध संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष व्याख्यानमाला के दूसरे दिन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जैन तत्त्व एवं ज्ञानमीमांसा की समझ तथा वैश्विक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति विषय पर व्याख्यान दिया। अध्यक्षता पीठ के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सेठी ने की।
प्रो. जैन ने संयुक्त राष्ट्र के 17 सतत विकास लक्ष्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबी व भुखमरी उन्मूलन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता, सम्मानजनक रोजगार, जिम्मेदार उत्पादन-उपभोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय जैन दर्शन के मूल सिद्धांतों से जुड़े हैं। संयम, अपरिग्रह, अहिंसा, अनेकांतवाद और करुणा का संदेश आज दुनिया के सामने खड़ी कई चुनौतियों का समाधान दिखा सकता है। उन्होंने हथकरघा, श्रमदान, प्रतिभास्थली, गौशालाओं और शिक्षा संस्थानों को आत्मनिर्भरता व सामाजिक विकास के प्रभावी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि हथकरघा से स्थानीय रोजगार, कौशल विकास और श्रम का सम्मान मिलता है, जबकि प्रतिभास्थली से बालिकाओं की शिक्षा व संस्कारों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने शिक्षाविदों और उद्यमियों से ऐसे प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही आचार्यश्री के विचारों व प्रकल्पों पर अकादमिक शोध कर उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए शोधार्थियों, शिक्षाविदों और स्वाध्याय करने वाले विद्वानों को एक मंच पर लाने की जरूरत बताई।
अध्यक्षता कर रहे धर्मेन्द्र सेठी ने कहा कि व्याख्यानमाला में जैन दर्शन के गहन विषयों को सरल और व्यावहारिक रूप से रखा जा रहा है। आचार्यश्री के विचारों को केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर समाज उत्थान और जनकल्याण के प्रकल्पों में उतारना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन पीठ के निदेशक डॉ. शैलेन्द्र भारल ने किया। अतिथि परिचय सचिव दीपक जैन ने दिया और आभार सुनील जैन (ट्रांसपोर्ट) ने माना।



