हैदराबाद में विराजित हुईं उज्जैन की मां हरसिद्धि, गढ़कालिका और महाकाल वन के देवता
उज्जैन के पुजारियों ने कराई प्राण-प्रतिष्ठा, 3300 शिवलिंग स्थापित; अब शहर में भी बनेगा आश्रम

उज्जैन। हैदराबाद स्थित शिव शक्ति शिरडी साईं अनुग्रह महापीठम्, रमणेश्वरम् तीर्थ स्थान के श्री रमणेश्वर स्वर्ण शिवलिंग मंदिर में उज्जैन की आराध्य मां हरसिद्धि, मां गढ़कालिका और श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के स्वरूप विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। देवउठनी एकादशी और देव दीपावली पर हुए इस आयोजन में महाकाल वन के 84 महादेव, कालभैरव और मां शिप्रा के विग्रह भी स्थापित किए गए।
संत रमणानंद महर्षि के सानिध्य में हुए अनुष्ठान उज्जैन से पहुंचे ज्योतिर्विद पं. अजय व्यास, श्री हरसिद्धि माता मंदिर के पुजारी महंत राजू गुरु, अगस्त्येश्वर मंदिर के पुजारी गोलू गुरु, महंत अमर भारती और अन्य शासकीय पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए। इस दौरान पं. अजय व्यास और महंत राजू गुरु के आग्रह पर उज्जैन में भी आश्रम स्थापित करने की घोषणा की गई।
मंदिर परिसर में अब तक 3300 शिवलिंग स्थापित किए जा चुके हैं और कुल 11 हजार शिवलिंग स्थापना का संकल्प है। आयोजन में संत रमणानंद महर्षि का श्री महाकालेश्वर का चित्र, रुद्राक्ष माला और श्री महाकालेश्वर अंकित अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया।



