भारत विकास परिषद अवंतिका शाखा का अन्नकूट महोत्सव, संगठन विस्तार पर दिया जोर
जलाराम बाबा मंदिर में हुआ दीपावली मिलन, सूरत राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता का आह्वान

उज्जैन। भारत विकास परिषद की अवंतिका शाखा ने नई सड़क स्थित गुजराती समाज धर्मशाला परिसर के जलाराम बाबा मंदिर में दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया। इसमें परिषद के पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों और महिला सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में संरक्षक एवं प्रांतीय वित्त सचिव चिराग शाह ने सूरत में होने वाले भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में अधिक से अधिक सदस्यों से शामिल होने का आह्वान किया। अध्यक्ष अजय मिश्रा ने गुजरात में विराजित जलाराम बाबा के जीवन, सेवा कार्यों और धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। सचिव नीलेश शर्मा ने सदस्य संख्या बढ़ाने और अधिक लोगों को जोड़कर संस्था के कार्यों का विस्तार करने पर जोर दिया। महिला प्रमुख पूर्णिमा मिश्रा ने महिलाओं से परिषद की गतिविधियों के साथ सेवा और संस्कार के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन सचिव सुनील लवंगिकर तथा संस्थापक सदस्य राजेंद्र शाह, चंद्रशेखर ओझा, अनिल विजयवर्गीय और नागर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सेवा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डालते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया। आभार कोषाध्यक्ष प्रकाश व्यास ने माना। आयोजन का समापन अन्नकूट प्रसादी के साथ हुआ।



