गपशप

कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने पर रमेशचंद्र शर्मा का अभिनंदन

कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया, उज्जैन को राजभोगी शहर घोषित करने की उठाई मांग

उज्जैन। मध्यप्रदेश कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने पर टावर चौक स्थित भारत स्काउट एंड गाइड कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने शर्मा का स्वागत और अभिनंदन किया तथा कर्मचारी हितैषी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। इस दौरान संगठनों ने लंबे समय से चली आ रही मांग रखते हुए उज्जैन को राजभोगी शहर घोषित करने की मांग भी की।

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रमेशचंद्र शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार कर्मचारी हित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा। सभी कर्मचारियों को शासन के साथ मिलकर सेवा और समर्पण के भाव से सिंहस्थ को सफल बनाना है तथा इस दौरान उज्जैन को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मिलकर प्रयास करना है।

मप्र राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री मनोहर गिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शर्मा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर कर्मचारी वर्ग का सम्मान बढ़ाया है, जिससे कर्मचारियों में उत्साह है। उन्होंने मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री शर्मा के समक्ष उज्जैन को राजभोगी शहर घोषित करने की मांग रखी। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ, भारत स्काउट एंड गाइड, पेंशनर्स महासंघ, मध्यप्रदेश राज्य आउटसोर्स, अजाक्स, कर्मचारी संघ, राजपत्रित संघ, शिक्षक कर्मचारी संघ और पंचायत कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों द्वारा किया गया।

समारोह में भारतीय मजदूर संघ से सतीश शर्मा, मनीष कारपेंटर, मप्र राज्य कर्मचारी संघ से मांगीलाल पाटीदार, प्रेम प्रकाश पड्या, ओम प्रकाश यादव, शैलेंद्र सिंह ठाकुर, राम सिंह बनिहार, पंचायत सचिव संघ से सत्यनारायण शर्मा, अर्जुन सिंह सोलंकी, राजपत्रित अधिकारी संघ से भीम सिंह वर्मा, शिक्षक कांग्रेस से अनिल नामदेव, अजाक्स से रतनलाल परमार, प्राचार्य मंच से देवेंद्र आर्य, पशु चिकित्सा अधिकारी संघ से डॉ. जेएस गोस्वामी, दिलीप मेहता, कृषि विस्तार अधिकारी संघ से अंकुश गुप्ता, पेंशनर्स महासंघ से शमशेर सिंह तोमर, राजकुमार जोशी, लघु वेतन कर्मचारी संघ से हेमराज घावरी, आउटसोर्स कर्मचारी संघ से विक्रम सिंह राजोरिया, गुलशन मंसूरी, स्वास्थ्य विभाग से विकास राजपूत, नवीन पांडे, उज्जैन दुग्ध संघ से हफीज खान, व्यायाम शिक्षक संघ से हरीश चौहान सहित संजय सिंह सिसोदिया, घनश्याम पाठक, सुरेश पाठक, राजेश चौहान, दैविक खंडेलवाल, वर्षा शर्मा, अविनाश गुजराती, रमेश सूर्यवंशी व बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश संगठन मंत्री मनोहर गिरी ने किया और आभार जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने माना। यह जानकारी मप्र राज्य कर्मचारी संघ के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर और आउटसोर्स कर्मचारी संघ के प्रदेश मंत्री गुलशन मंसूरी ने दी।

Related Articles

Back to top button