पाठशाला

लोकमान्य तिलक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण, सीखीं प्रबंधन की बारीकियां

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत श्रीजी पैकर्स में जानीं निर्यात और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया, 60 विद्यार्थियों ने लिया भाग

उज्जैन। लोकमान्य तिलक महाविद्यालय के बीबीए और बीकॉम प्रथम वर्ष के 60 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत श्रीजी पैकर्स एमपी प्राइवेट लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करते हुए उद्योग की कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
उद्योग विशेषज्ञों से मिला मार्गदर्शन
भ्रमण में विद्यार्थियों को एक्सपोर्ट-इंपोर्ट मैनेजमेंट, फॉरेन ट्रेड, प्रोडक्शन मैनेजमेंट, गुणवत्ता नियंत्रण और सेविवर्गीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। कंपनी के एचआर मैनेजर राजेंद्र ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक पक्ष के साथ गुणात्मक शिक्षा प्रदान करना ही महाविद्यालय की मुख्य नीति है।
इनकी रही उपस्थिति और सहभागिता
इस व्यावसायिक एवं शैक्षणिक भ्रमण का संयोजन डॉ. नितिशा तोषनीवाल ने किया। भ्रमण में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. केतकी त्रिवेदी, डॉ. स्मृति जैन और सोनल गोधा ने विद्यार्थियों का नेतृत्व कर सहभागिता की। लोकमान्य तिलक शिक्षण समिति एवं सांस्कृतिक न्यास के अध्यक्ष किशोर खंडेलवाल, सचिव विश्वनाथ सोमण तथा कार्यपालन अधिकारी गिरीश भालेराव ने इस गतिविधि की प्रशंसा की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस भ्रमण से उन्हें व्यावहारिक पहलुओं का अच्छा ज्ञान प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button