गपशप

श्री वल्लभ शास्त्री स्मृति संस्थान द्वारा जिला स्तरीय सम्मान समारोह ‘2026 में आचार्य शैलेन्द्र पाराशर सम्मानित

चार लोगों ने की देहदान की घोषणा, मानव कल्याण के लिए समाज को मिली नवप्रेरणा

उज्जैन। श्री वल्लभ शास्त्री स्मृति संस्थान द्वारा सोनकच्छ स्थित गीता भवन में 29वें जिला स्तरीय सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया गया। इस समारोह में अतिथि वक्ता एवं समाजशास्त्री आचार्य शैलेन्द्र पाराशर को संस्था के पदाधिकारियों द्वारा पुष्पमाला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सद्विचारों से होता है स्वभाव का निर्माण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आचार्य पाराशर ने कहा कि मनुष्य के मन में जैसे भाव और विचार आते हैं, उसी के अनुरूप उसकी आदतें, स्वभाव और व्यवहार का निर्माण होता है। मन को निरंतर सद्विचारों से पुष्ट करते रहना चाहिए, क्योंकि शुभ संकल्प धारण करने से ही वास्तविक आनंद की प्राप्ति होती है।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी रमेशचंद्र मेहता को ओंकारलाल शर्मा स्मृति सम्मान, देवास के खेल प्रशिक्षक राधेश्याम सोलंकी को वल्लभ शास्त्री स्मृति सम्मान और संस्था मानस देवास को इन्दोरी लाल पाटोदी स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों का परिचय सौभाग सिंह ठाकुर, अरविंद शर्मा, देवेंद्र जोशी, तरूण सोखिया और कमल किशोर पाटीदार ने दिया।
देहदान की घोषणा कर पेश की मिसाल
इस आयोजन में समाज में नवप्रेरणा का संचार करते हुए अजयसिंह बघेल, सत्यनारायण लाठी, राजेंद्र कुमार जाजू और प्रकाशचंद्र बाकलीवाल ने मानव कल्याणार्थ मरणोपरांत देहदान की घोषणा की। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था सचिव अशोक कुमार दुबे ने किया।

Related Articles

Back to top button