अर्जी वाले हनुमान के साथ भक्तों ने फूलों और गुलाल से खेली होली
रंग पंचमी पर हुआ विशेष आयोजन, श्रद्धालुओं ने किया जलेबी, पोहा और हलवे की प्रसादी का आनंद

महिलाओं ने लिया मंदिर में किटी पार्टी करने का संकल्प
उज्जैन। महाकुंभ मेला क्षेत्र, मोहनपुरा स्थित श्री अर्जी वाले हनुमान मंदिर में रंग पंचमी का पावन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। निरंजनी अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रातः 9 बजे से आयोजित इस उत्सव में भक्तों ने भगवान के साथ फूलों और गुलाल से होली खेली। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी मनोकामना की अर्जी भी लगाई।
रंग पंचमी के इस विशेष अवसर पर मंदिर में प्रसादी का भी वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सपरिवार पधारकर जलेबी, पोहा, आलू बड़ा, पकोड़ी और हलवे का आनंद लिया।
महिलाओं का अनूठा संकल्प
आयोजन के दौरान महिलाओं ने एक प्रेरणादायक निर्णय लिया। उपस्थित महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अब से अपनी किटी पार्टी का आयोजन अन्य व्यावसायिक स्थानों के बजाय श्री अर्जी वाले हनुमान मंदिर परिसर में ही करेंगी, ताकि धार्मिक वातावरण में सामाजिक जुड़ाव बना रहे।
इस भव्य उत्सव में मंदिर समिति की अध्यक्ष महामंडलेश्वर गुरु मां आनंदमयी, सावित्री महंत, शिवानी पाटीदार, पूजा यादव, सीमा जाट, योगेश जोशी, प्राणेश शुक्ला, टीना झाला, पंकज जायसवाल, रोहित पंडित और नीलेश पांचाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



